Loading...

डीएम ने किया निर्माण कार्य का निरीक्षण, गुणवत्ता जांच के लिए आईआईटी से टेस्टिंग कराने के निर्देश

Gargachary Times 22 October 2026, 19:37 52 views
Firozabad
डीएम ने किया निर्माण कार्य का निरीक्षण, गुणवत्ता जांच के लिए आईआईटी से टेस्टिंग कराने के निर्देश
*फिरोजाबाद।* जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने गुरुवार को सुहाग नगर चौराहे से सुभाष चौक/जैन मंदिर तक निर्माणाधीन दो लेन उपरिगामी सेतु (फ्लाईओवर) का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को नवंबर 2026 के अंत तक सेतु को आम जनता के आवागमन के लिए चालू कराने के सख्त निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए थर्ड पार्टी अथवा आईआईटी से टेस्टिंग कराने के आदेश दिए।निरीक्षण के दौरान उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम के अधिकारियों ने बताया कि 1291.69 मीटर लंबे फ्लाईओवर की मूल स्वीकृत लागत 7269.78 लाख रुपये है। परियोजना की भौतिक प्रगति 98 प्रतिशत और वित्तीय प्रगति 92 प्रतिशत पूरी हो चुकी है। सेतु के फाउंडेशन, सब-स्ट्रक्चर, डेक और बॉक्स गर्डर का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि क्रैश बैरियर का निर्माण तेजी से चल रहा है। अधिकारियों ने बताया कि सर्विस रोड निर्माण के लिए 16 अक्टूबर 2026 को तकनीकी बिड खोली जा चुकी है। वित्तीय बिड की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सर्विस रोड का निर्माण शुरू कराया जाएगा। जिलाधिकारी ने शेष निर्माण कार्यों को अक्टूबर 2026 के अंत तक गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि नवंबर के अंत तक फ्लाईओवर को यातायात के लिए उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच थर्ड पार्टी अथवा आईआईटी से अनिवार्य रूप से कराने को कहा। इसके अलावा कार्यस्थल पर तैनात सभी कर्मचारियों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने और पूरी सतर्कता के साथ निर्माण कार्य कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (नगर), उप परियोजना प्रबंधक, सहायक अभियंता सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Follow Samachar24