शिकोहाबाद में सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर एसोसिएशन की बैठक, आंदोलन की रणनीति बनाई
Gargachary Times
24 October 2026, 19:20
56 views
Firozabad
*फिरोजाबाद।* सेवारत एवं सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारियों के चिकित्सा प्रतिपूर्ति दावों को ऑनलाइन किए जाने की व्यवस्था के विरोध में सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर एसोसिएशन ने आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में शनिवार को एसोसिएशन की जनपद शाखा फिरोजाबाद की बैठक ब्लॉक शिकोहाबाद में हुई। इसमें 2 नवंबर 2026 को जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भेजने की रणनीति बनाई गई।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि उत्तर प्रदेश शासन की ओर से 9 सितंबर 2026 को जारी पत्र के अनुसार एक अक्टूबर से कर्मचारियों और पेंशनरों के चिकित्सा प्रतिपूर्ति दावों के निस्तारण की प्रक्रिया ऑनलाइन कर दी गई है। उनका कहना है कि ऑनलाइन प्रक्रिया जटिल होने के कारण विशेषकर बुजुर्ग पेंशनरों को चिकित्सा प्रतिपूर्ति के बिल जमा करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर चिकित्सा प्रतिपूर्ति दावों की पूर्व व्यवस्था बहाल करने की मांग की है। साथ ही सुझाव दिया है कि यदि ऑनलाइन व्यवस्था जारी रखनी है तो पेंशनरों को पहले की तरह अपने चिकित्सा प्रतिपूर्ति के दावे संबंधित विभागाध्यक्ष कार्यालय में जमा करने की सुविधा दी जाए। इसके बाद विभागीय अधिकारी अपने स्तर से दावों को ऑनलाइन कर सकते हैं।
पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि पेंशनरों की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो 2 नवंबर को प्रदेश के सभी जनपद मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान जिलाधिकारियों के माध्यम से मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार, लखनऊ को ज्ञापन भेजा जाएगा।
बैठक में दिनेश कुमार यादव, दर्शन सिंह, अजय सिंह, विजेंद्र सिंह, बृजपाल सिंह, प्रेम प्रकाश कुशवाहा, बृजेश कुमार, सुखदेव सिंह, घनश्याम सिंह, दलबीर सिंह, उदयवीर, योगेश बाबू, राजवीर, सरिता रानी और सूरज सिंह सहित एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।