राजकीय फल संरक्षण केंद्र में एकमासीय कुकरी-बेकरी प्रशिक्षण का शुभारंभ
Gargachary Times
24 October 2026, 19:25
49 views
Firozabad
*फिरोजाबाद।* सुहाग नगर स्थित राजकीय फल संरक्षण केंद्र में शनिवार, 24 अक्टूबर 2026 को एकमासीय कुकरी एवं बेकरी प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन ब्लॉक प्रमुख डॉ. लक्ष्मी नारायण यादव एवं राजकीय खाद्य विज्ञान प्रशिक्षण केंद्र, आगरा के प्रधानाचार्य लोकेश सिंह ने फीता काटकर तथा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य बलवीर सिंह एवं जिला उद्यान अधिकारी एसपी अवस्थी उपस्थित रहे। जिला उद्यान अधिकारी ने उद्यान विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए लाभार्थियों को उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। वहीं, प्रधानाचार्य लोकेश सिंह ने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) के बारे में विस्तार से जानकारी दी।सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य बलवीर सिंह ने खाद्य प्रसंस्करण विभाग की विभिन्न योजनाओं के बारे में लाभार्थियों को बताया। उन्होंने प्रशिक्षण के माध्यम से कौशल विकसित कर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का संचालन केंद्र के प्रभारी शैलेन्द्र कुमार वर्मा ने किया, जबकि उद्बोधन योगेश कुमार शर्मा ने दिया। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा सभी लाभार्थियों को स्टेशनरी किट वितरित की गईं।
कार्यक्रम का उद्देश्य लाभार्थियों को कुकरी एवं बेकरी के क्षेत्र में प्रशिक्षण देकर उनके कौशल विकास और स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना रहा।