छटनपुर हादसे में मृतकों की संख्या छह हुई, शोक जताने गांव पहुंचे प्रो. रामगोपाल यादव
Gargachary Times
26 October 2026, 19:52
38 views
Firozabad
*फिरोजाबाद।* थाना नसीरपुर क्षेत्र के गांव छटनपुर में टेसू-झांझी विसर्जन के लिए जा रहे ग्रामीणों को अनियंत्रित कार से टक्कर मारने की दर्दनाक घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। हादसे में घायल कार सवार की भी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव मृतक बच्चों के परिजनों से शोक संवेदना व्यक्त करने गांव पहुंचे।प्रो. रामगोपाल यादव ने पीड़ित परिवारों के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी और इस दुखद घटना पर संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उनके साथ शिकोहाबाद विधायक डॉ. मुकेश वर्मा सहित समाजवादी पार्टी के अन्य नेता भी मौजूद रहे।बता दें कि रविवार शाम थाना नसीरपुर क्षेत्र के गांव छटनपुर में टेसू-झांझी विसर्जन के लिए जा रहे ग्रामीणों को एक अनियंत्रित कार ने टक्कर मार दी थी। हादसे में कई बच्चे और अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना में पहले पांच लोगों की मौत की सूचना थी, जबकि उपचार के दौरान घायल कार सवार ने भी दम तोड़ दिया। इसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई।इस हृदयविदारक हादसे से गांव में शोक की लहर है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।