Loading...

महर्षि वाल्मीकि जयंती पर मंदिरों में पूजा-अर्चना और अखंड रामायण पाठ का आयोजन ,संस्कृति विभाग के कलाकारों ने प्रस्तुत किए सांस्कृतिक कार्यक्रम

Gargachary Times 26 October 2026, 19:53 52 views
Firozabad
महर्षि वाल्मीकि जयंती पर मंदिरों में पूजा-अर्चना और अखंड रामायण पाठ का आयोजन ,संस्कृति विभाग के कलाकारों ने प्रस्तुत किए सांस्कृतिक कार्यक्रम
*फिरोजाबाद।* महर्षि वाल्मीकि जयंती के पावन अवसर पर जनपद के विभिन्न वाल्मीकि मंदिरों, राम मंदिरों और हनुमान मंदिरों में पूजा-अर्चना एवं रामायण पाठ के कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में संस्कृति विभाग के कलाकारों द्वारा शिकोहाबाद स्थित बालाजी मंदिर, अकबरपुर स्थित बाबा नीम करौली की जन्मस्थली तथा कैला देवी मंदिर के निकट स्थित श्री हनुमान मंदिर में अखंड रामायण पाठ और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।कार्यक्रमों में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आदिकवि महर्षि वाल्मीकि को नमन किया। इस दौरान वक्ताओं ने महर्षि वाल्मीकि के जीवन, उनके व्यक्तित्व और उनके द्वारा रचित महाकाव्य रामायण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने रामायण के माध्यम से मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र, उनके आदर्शों और कर्तव्यनिष्ठा को जन-जन तक पहुंचाया। वक्ताओं ने कहा कि रामायण केवल एक महाकाव्य नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाला ग्रंथ है। इसमें सत्य, त्याग, धर्म, मर्यादा, करुणा और कर्तव्यपालन जैसे मूल्यों का संदेश मिलता है। भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपनाकर व्यक्ति अपने जीवन को बेहतर बनाने के साथ ही समाज में प्रेम, सद्भाव और समरसता को बढ़ावा दे सकता है। इस अवसर पर श्रद्धालुओं से महर्षि वाल्मीकि के विचारों और भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया गया। आयोजनों के माध्यम से महर्षि वाल्मीकि की शिक्षाओं, रामायण के संदेशों और भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपराओं को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
Follow Samachar24