जनगणना और मतदाता सूची पुनरीक्षण राष्ट्र निर्माण के महत्वपूर्ण कार्य: डीएम
Gargachary Times
26 October 2026, 19:54
47 views
Firozabad
*फिरोजाबाद।* तहसील सिरसागंज में आगामी जनगणना कार्यों को लेकर द्वितीय चरण के तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने इंदिरा गांधी मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सिरसागंज में किया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) कल्पना जायसवाल सहित मास्टर ट्रेनर्स, फील्ड ट्रेनर्स, प्रगणक, पर्यवेक्षक तथा जिला जनगणना से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं को तैयार करने का मूल आधार है। इसी प्रकार शुद्ध मतदाता सूची लोकतंत्र की बुनियाद है। जनगणना से प्राप्त बुनियादी आंकड़े मतदाता सूची को सही और अद्यतन बनाने में भी सहायक होते हैं। इसलिए इन दोनों महत्वपूर्ण कार्यों को गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ पूरा किया जाना चाहिए।उन्होंने बताया कि वर्ष 2011 की जनगणना के आंकड़े ही अगली जनगणना के आंकड़े प्रकाशित होने तक आधिकारिक रूप से मान्य हैं। ऐसे में देश की भावी विकास योजनाओं और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए जनगणना के आंकड़ों का शुद्ध एवं सटीक होना बेहद जरूरी है।डीएम ने बताया कि जनगणना के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है। अब दूसरे चरण में मकानों में निवास करने वाले लोगों की गणना की जाएगी। इस दौरान प्रत्येक व्यक्ति से संबंधित लगभग 40 प्रकार की जानकारियां दर्ज की जानी हैं। उन्होंने सभी प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने तथा प्रत्येक जानकारी सावधानीपूर्वक दर्ज करने के निर्देश दिए।
16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना का विकल्प
जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना में पहली बार नागरिकों को स्व-गणना का विकल्प दिया जा रहा है। इसके तहत 16 नवंबर से 30 नवंबर तक नागरिक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार से संबंधित जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। उन्होंने सभी कार्मिकों से इस प्रक्रिया की जानकारी आमजन तक पहुंचाने और लोगों को सही सूचनाएं दर्ज करने के लिए प्रेरित करने को कहा।मतदाता सूची की शुद्धता पर भी जोर
डीएम ने मतदाता सूची की शुद्धता को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इसकी गुणवत्ता परखने के लिए ईपी रेशियो यानी मतदाता-जनसंख्या अनुपात और जेंडर रेशियो यानी लिंगानुपात प्रमुख संकेतक हैं। इनके माध्यम से यह सुनिश्चित करने में मदद मिलती है कि 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल हों और महिलाओं का उचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित हो।उन्होंने कहा कि जनगणना और मतदाता सूची पुनरीक्षण राष्ट्र निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य हैं। सभी अधिकारी और कर्मचारी इन्हें पूरी लगन, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ संपन्न करें। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशिक्षण से कार्मिक अपने दायित्वों को बेहतर ढंग से समझेंगे और फिरोजाबाद जनपद को प्रदेश एवं देश में उत्कृष्ट स्थान दिलाने में योगदान देंगे।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने प्रशिक्षण में सहयोग देने वाले विद्यालय परिसर और प्रधानाचार्यों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।