Loading...

मतदान केंद्रों की आपत्तियों और सुझावों पर हुआ मंथन, 2 नवंबर को अंतिम सूची होगी तैयार डीएम ने मतदाता सूची को पासपोर्ट की तरह शुद्ध बनाने के दिए निर्देश

Gargachary Times 26 October 2026, 19:54 51 views
Firozabad
मतदान केंद्रों की आपत्तियों और सुझावों पर हुआ मंथन, 2 नवंबर को अंतिम सूची होगी तैयार डीएम ने मतदाता सूची को पासपोर्ट की तरह शुद्ध बनाने के दिए निर्देश
*फिरोजाबाद।* जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदान केंद्रों के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, समस्त उप जिलाधिकारियों तथा अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी कल्पना जायसवाल की मौजूदगी में राजनीतिक दलों की ओर से 24 अक्टूबर तक दिए गए सुझावों और आपत्तियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।बैठक का मुख्य उद्देश्य मतदान केंद्रों से संबंधित प्रस्तावों की समीक्षा कर उन्हें अंतिम रूप देना था। इसके लिए राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और बूथ लेवल अधिकारियों के माध्यम से प्रस्तावित बदलावों का भौतिक सत्यापन कराया गया। अधिकारियों ने सुनिश्चित किया कि किसी भी मतदाता को मतदान के लिए दो किलोमीटर से अधिक दूरी तय न करनी पड़े और कोई भी मतदान केंद्र जर्जर भवन में संचालित न हो। बैठक में जसराना विधानसभा क्षेत्र के कुछ मतदान केंद्रों में मतदाताओं की सुविधा के लिए संशोधन पर चर्चा हुई। प्राथमिक पाठशाला करारा के कक्ष संख्या-दो के संबंध में खेरिया से करारा की दूरी लगभग 2.5 से तीन किलोमीटर होने का मुद्दा उठाया गया। खेरिया के मतदाताओं की सुविधा को देखते हुए इस संबंध में प्रस्ताव रखा गया। इसी प्रकार शिकोहाबाद विधानसभा क्षेत्र के प्राथमिक पाठशाला नगला बरी के कक्ष संख्या एक और दो के मतदान केंद्रों पर भी चर्चा हुई। बताया गया कि पूर्व में मतदान केंद्र को दूसरे स्थान पर कर दिया गया था, लेकिन अब विद्यालय का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। ऐसे में मतदान केंद्र को पुनः पुराने स्थान पर स्थानांतरित करने के प्रस्ताव पर विचार किया गया। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने अधिकारियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मतदाता सूची को पासपोर्ट की तरह अत्यंत शुद्ध बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम, पिता का नाम और पते से संबंधित किसी प्रकार की त्रुटि नहीं होनी चाहिए, ताकि मतदाताओं को निर्वाचन के दौरान परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि सभी आपत्तियों और सुझावों पर विचार करने के बाद मतदान केंद्रों की सूची को दो नवंबर तक अंतिम रूप दे दिया जाएगा। इसके बाद 12 नवंबर को मतदाता सूची का आलेख प्रकाशन (ड्राफ्ट पब्लिकेशन) किया जाएगा। डीएम ने बैठक में सहयोग देने के लिए सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है। बैठक में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष शिवराज सिंह यादव, पूर्व जिला अध्यक्ष बलबीर सिंह आजाद एडवोकेट, बसपा के जिला अध्यक्ष यदवेंद्र सिंह, बसपा के आगरा मंडल जोन प्रभारी अखिलेश कुमार, आम आदमी पार्टी के अमित गर्ग, जिला महासचिव मुरसलीन खान एडवोकेट, महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष पूनम गौतम, शशिकांत, समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष मुकुट सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Follow Samachar24