Loading...

नगर निगम की ‘संभव’ जनसुनवाई में 16 शिकायतें प्राप्त, तीन का मौके पर निस्तारण

Gargachary Times 27 October 2026, 15:34 39 views
Mathura
नगर निगम की ‘संभव’ जनसुनवाई में 16 शिकायतें प्राप्त, तीन का मौके पर निस्तारण
ललित उपाध्याय, संवाददाता मथुरा। जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से मंगलवार को नगर निगम के विभिन्न जोन कार्यालयों में ‘संभव’ संतुष्टि एवं समृद्धि जनसुनवाई का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश के नगर विकास मंत्री की पहल पर प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली इस जनसुनवाई में अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिए। मंगलवार, 27 अक्टूबर को सुबह 10 बजे भूतेश्वर स्थित नगर निगम कार्यालय में अपर नगर आयुक्त श्रीमती प्रियंका सिंह ने जनसुनवाई की। वहीं वृंदावन जोन में सहायक नगर आयुक्त नीरज शर्मा तथा सिटी जोन के जनरल गंज कार्यालय में अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार ने शिकायतें सुनीं। नगर निगम के अनुसार, भूतेश्वर जोन में कुल 13 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें सात शिकायतें लाइट और छह सफाई व्यवस्था से संबंधित थीं। इनमें से एक लाइट और दो सफाई संबंधी शिकायतों सहित कुल तीन शिकायतों का निस्तारण कर दिया गया। वहीं वृंदावन जोन में तीन शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें दो सफाई और एक जलकल विभाग से संबंधित थी। जनसुनवाई के दौरान नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने शिकायतों का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया गया कि सभी शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए, ताकि नागरिकों को समस्याओं से राहत मिल सके। इस दौरान महाप्रबंधक जलकल मोहम्मद अनवर ख्वाजा, मुख्य अभियंता निर्माण संजय सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामगोपाल, पशु कल्याण अधिकारी संतोष पाल, कर निर्धारण अधिकारी अरविंद, प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल आरके सिंह सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Follow Samachar24