Loading...

शरद पूर्णिमा पर गीता शोध संस्थान के प्रशिक्षुओं ने किया महारास

Gargachary Times 27 October 2026, 16:07 52 views
Mathura
शरद पूर्णिमा पर गीता शोध संस्थान के प्रशिक्षुओं ने किया महारास
वृंदावन। शरद पूर्णिमा के अवसर पर गीता शोध संस्थान एवं रासलीला अकादमी के प्रशिक्षु बालक-बालिकाओं ने "श्रीकृष्ण के प्रेम नामक "महारास" किया। महारास की परंपरा को जीवंत करते हुए बच्चों ने भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। महारास के साथ मयूर नृत्य और डांडिया नृत्य की मनोहारी प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। यह मंचन स्वामी हरिदास आडिटोरियम में हुआ। प्रशिक्षुओं ने ब्रज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और महारास की परंपरा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। श्रीकृष्ण की भूमिका में पूनम कुमारी और अजय ने अपने अभिनय से दर्शकों को प्रभावित किया, जबकि राधा की भूमिका में तमन्ना व तान्या ने नृत्य और भावाभिव्यक्ति के माध्यम से प्रस्तुति को आकर्षक बनाया। राधा-कृष्ण के प्रेम, भक्ति और रसमय लीलाओं पर आधारित इस मंचन में प्रशिक्षु बालिकाओं ने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। महारास के उपरांत मयूर नृत्य और डांडिया नृत्य की भव्य प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण जोड़ा। संगीत पक्ष में आकाश शर्मा ने हारमोनियम, मनमोहन कौशिक ने सारंगी तथा सुनील पाठक और केशव पाठक ने तबले पर संगत की। मानसी राजपूत ने नृत्य संयोजन एवं कोरियोग्राफी की जिम्मेदारी निभाई, जबकि ऋतु सिंह ने मंचन के सम्पूर्ण निर्देशन और श्रृंगार व्यवस्था का दायित्व संभाला। कार्यक्रम के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि मथुरा-वृंदावन नगर निगम के उपमहापौर मुकेश सारस्वत धर्माचार्य गौरांग दास, साहित्यकार अजीब अंजुम, अंजना अंजुम, श्रीमती संतोष निशा रावत, बांसुरी संस्था के संस्थापक विनय गोस्वामी, गीता मर्मज्ञ महेश चंद शर्मा, भाजपा नेत्री पूजा चौधरी, सोनम चौधरी सहित अनेक विशिष्ट गणमान्य उपस्थित रहे। संगीत प्रशिक्षकों को अतिथियों द्वारा उप्र ब्रज तीर्थ विकास परिषद की ओर से स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। गीता शोध संस्थान एवं रासलीला अकादमी के कोऑर्डिनेटर चंद्र प्रताप सिंह सिकरवार ने कार्यक्रम का संचालन किया। उन्होंने संपूर्ण मंचन के निर्देशन एवं समन्वय में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर उन्होंने स्वामी श्री हरिदास ऑडिटोरियम तथा गीता शोध संस्थान के विभिन्न प्रकल्पों की जानकारी भी अतिथियों को दी। कार्यक्रम के सफल आयोजन में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के तकनीकी विशेषज्ञ आर.पी. सिंह, सहायक अभियंता दूधनाथ यादव, ब्रज संस्कृति विशेषज्ञ डॉ. उमेश चंद्र शर्मा, दीपक शर्मा, रामवीर सहित अन्य संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
Follow Samachar24