ट्रम्प पर स्विस मॉडल ने लगाया रेप का आरोप, 33 साल पुराने मामले से मचा हड़कंप
Gargachary Times
27 October 2026, 16:14
48 views
International
स्विट्जरलैंड की पूर्व मॉडल बीट्रिस क्यूल ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प पर रेप का आरोप लगाया है। उसने कहा कि 1993 में न्यूयॉर्क के प्लाजा होटल में ट्रम्प ने उनके साथ रेप किया था।
क्यूल ने बताया कि घटना के बाद उनके शरीर के कई हिस्सों से खून बह रहा था और चोट के निशान पड़ गए थे। यह दावा अमेरिकी संसद में डेमोक्रेटिक सदस्यों की ओर से जारी एक नई रिपोर्ट में किया गया है।
क्यूल ने 2024 में ट्रम्प पर यौन शोषण का आरोप लगाया था। तब उन्होंने कहा था कि 1993 में ट्रम्प ने उन्हें जबरन पकड़ा, चूमा और उनके कपड़े उतारने की कोशिश की थी। अब नई रिपोर्ट में क्यूल ने समिति के कर्मचारियों को बताया कि उस घटना में ट्रम्प ने उनके साथ रेप किया था।
क्यूल स्विट्जरलैंड की मॉडल और पूर्व मिस स्विट्जरलैंड हैं। उनके मुताबिक, 1993 में वह अमेरिकन ड्रीम पेजेंट में हिस्सा लेने अमेरिका गई थीं।
इस प्रतियोगिता की ट्रम्प के साथ साझेदारी थी। कार्यक्रम के दौरान मैनहैटन के प्लाजा होटल में पत्रकारों के साथ दोपहर के भोजन के समय उनकी ट्रम्प से मुलाकात हुई।
क्यूल ने बताया कि इसके बाद ट्रम्प के एक सहयोगी ने उन्हें होटल के कमरे में मिलने के लिए बुलाया।
उन्हें लगा था कि वहां बातचीत होगी लेकिन उनके आरोप के मुताबिक, कमरे में ट्रम्प ने पीछे से उन्हें पकड़ लिया और जबरन रेप किया।
क्यूल का आरोप है कि घटना के बाद ट्रम्प ने उनसे चुप रहने को कहा। उन्होंने अमेरिका का वीजा दिलाने और न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी में दाखिला दिलाने में मदद करने का वादा भी दोहराया।
इसके लिए ट्रम्प ने अपने करीबी सहयोगी पाओलो जाम्पोली की मदद लेने की बात कही थी।
क्यूल के मुताबिक, अमेरिका पहुंचने के बाद उनका पासपोर्ट ले लिया गया था, इसलिए वह घटना के बाद प्रतियोगिता छोड़कर नहीं जा सकीं।
स्विट्जरलैंड लौटने पर उन्होंने कुछ सप्ताह बाद हवाई में होने वाली ट्रम्प प्रायोजित एक अन्य प्रतियोगिता में हिस्सा लेने से इनकार कर दिया।