राया में धूमधाम से निकली श्रीराम बारात, जगह-जगह पुष्पवर्षा कर हुआ भव्य स्वागत
Gargachary Times
28 October 2026, 19:37
3 views
Mathura
राया कस्बे के गोपालबाग स्थित हनुमान मढ़ी पर श्री राम नाटक कमेटी के तत्वावधान में आयोजित श्रीरामलीला महोत्सव के अंतर्गत मंगलवार को मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम एवं माता जानकी के विवाह के उपलक्ष्य में भव्य श्रीराम बारात निकाली गई। बारात में नगर के गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
श्रीराम बारात का शुभारंभ हनुमान मढ़ी गोपालबाग से हुआ। बारात मांट रोड, मथुरा रोड, कटरा बाजार सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। बारात के मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम की बारात पर पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। भगवान श्रीराम, माता जानकी, लक्ष्मण, भरत एवं शत्रुघ्न के स्वरूपों की आरती उतारकर श्रद्धालुओं ने आशीर्वाद लिया।
श्रीराम बारात के दौरान पूरा नगर ‘जय श्रीराम’ के जयकारों से गूंज उठा। बारात के दर्शन के लिए बाजारों और मार्गों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं में श्रीराम बारात को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला और पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया।