मध्यस्थता से फिर जुड़ा दो दशक पुराना वैवाहिक रिश्ता, पति-पत्नी ने साथ रहने का लिया निर्णय
Gargachary Times
28 October 2026, 19:38
3 views
Firozabad
फिरोजाबाद। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फिरोजाबाद में मध्यस्थता के प्रयासों से दो दशक से अधिक पुराने वैवाहिक विवाद का सुखद समाधान सामने आया है। पुरन सिंह बनाम मीना देवी के प्रकरण में लंबे समय से चले आ रहे आपसी मतभेदों को पीछे छोड़ते हुए दंपति ने फिर से साथ रहने का निर्णय लिया। दोनों का साथ रहने के लिए प्रस्थान करना मध्यस्थता प्रक्रिया की महत्वपूर्ण सफलता रही।
प्रकरण में मध्यस्थ डॉ. नम्रता निश्चल त्रिपाठी ने निरंतर प्रयास करते हुए दोनों पक्षों के बीच संवाद स्थापित कराया। धैर्यपूर्ण बातचीत और संवेदनशील दृष्टिकोण के माध्यम से पति-पत्नी को एक-दूसरे की भावनाओं एवं दृष्टिकोण को समझने के लिए प्रेरित किया गया। लंबे समय से चले आ रहे मतभेदों के कारण दोनों पक्षों के बीच सहमति बनाना चुनौतीपूर्ण था, लेकिन लगातार प्रयासों के बाद दोनों ने आपसी सहमति से पुनः साथ रहने का निर्णय लिया।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फिरोजाबाद की सचिव सुश्री योगेश शिवा ने कहा कि मध्यस्थता विवादों के समाधान का एक प्रभावी एवं सौहार्दपूर्ण माध्यम है। इसके जरिए पक्षकार आपसी संवाद स्थापित कर अपने मतभेदों को समझ सकते हैं और स्वेच्छा से समाधान तक पहुंच सकते हैं।उन्होंने कहा कि इस तरह के सकारात्मक परिणाम मध्यस्थता की उपयोगिता को दर्शाते हैं। धैर्य, संवाद और सार्थक प्रयासों से लंबे समय से चले आ रहे विवादों को सुलझाने का रास्ता निकल सकता है।
यह प्रकरण दर्शाता है कि मध्यस्थता केवल विवादों के निस्तारण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आपसी समझ और संबंधों को बेहतर बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। पुरन सिंह और मीना देवी का दोबारा साथ रहने का निर्णय इसी प्रयास का सुखद परिणाम है।