चुनाव में बेईमानी गुंडागर्दी और धांधली भाजपा की पहचान बन चुकी है: अखिलेश यादव
Gargachary Times
28 October 2026, 19:44
73 views
Lucknow
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने विधान परिषद के शिक्षक खंड एवं स्नातक खंड चुनाव में जीत पर समाजवादी पार्टी के विजयी प्रत्याशियों, पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों को बहुत-बहुत बधाई दी। यादव ने कहा कि जीत के साथ ध्यान रहे कि शांति से इसे सोशल मीडिया के जरिए लोगों तक पहुँचाना है। कोई हो-हल्ला या जुलूस नहीं निकालना है, जिससे भाजपाई हमारे बीच घुसकर माहौल को बिगाड़ न पाएँ और हम पर हुड़दंग करने का आरोप न लगा पाएँ। हमें हर तरह के षड्यंत्र और झूठे आरोपों से बचना है, क्योंकि सामने विधानसभा चुनाव है। भाजपा गुंडागर्दी की साजिश करके कभी भी हमारी छवि बिगाड़ सकती है।
अखिलेश यादव ने कहा कि हम सभी लोगों का अभिनंदन स्वयं करेंगे और हो सका तो आपके क्षेत्र में आकर करेंगे। इस बीच आप सभी जीते हुए एमएलसी, उन लोगों की लिस्ट बना लीजिए, जिन्होंने इस जीत में आपका समर्थन-सहयोग करके आपको जिताया है। हम ऐसे सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और शुभचिंतकों का भी सम्मान करेंगे।
अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव में गुण्डागर्दी, बेईमानी, चोरी और धांधली भाजपा की पहचान बन चुकी है। इसके बगैर भाजपा चुनाव नहीं जीत सकती क्योंकि जनता पूरी तरह से भाजपा के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि भ्रष्ट भाजपाई और उनके षड्यंत्रकारी संगी-साथी व संलिप्त अधिकारी एमएलसी चुनाव जीतने के लिए जिस हद तक गिर सकते थे गिर गए हैं। डॉ. संजयन त्रिपाठी को हराने की साजिश सबके सामने खुल गई है। डॉ. संजयन त्रिपाठी को मतगणना में घपला करके हराने का कारण सिर्फ ये नहीं है कि वो सपा के उम्मीदवार हैं बल्कि इसके पीछे ‘हाता नहीं भाता’ मुख्य कारण है।
अखिलेश यादव ने कहा कि राजनीति के मामले में भाजपा पातालमुखी हो चुकी है। इतनी बड़ी जालसाजी के बाद जनता को ये समझ आ गया है कि भाजपा दरअसल हर सीट पर हारी है। भाजपाई वोट से नहीं खोट से जीतते हैं। डॉ. संजयन त्रिपाठी जी का जिस प्रकार उत्पीड़न किया गया है, उसे उनका पूरा समाज देख रहा है। गोरखपुर शिक्षक क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के प्रत्याषी डॉ. संजयन त्रिपाठी और आगरा शिक्षक क्षेत्र से प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल के आँसू उनका समाज और प्रदेश का कोई शिक्षक नहीं भूलेगा। शिक्षकों को भाजपा में अपमान के सिवा कुछ और नहीं मिला है। शिक्षकों से चारा इकट्ठा करने तक का जो निकृष्टतम अवांछित काम करवाने का षड्यंत्र किया गया, उसे हर शिक्षक हमेशा याद रखेगा और 2027 के विधानसभा चुनावों में भाजपा को हराकर अपना ‘गुरु संकल्प’ पूरा करेगा। भाजपा की चार सौ बीसी, चार सौ तीन सीटों पर नहीं चलेगी। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी डॉ. संजयन त्रिपाठी जी और उनके समाज के साथ हो रहे हर अन्याय और उत्पीड़न के विरुद्ध, भाजपा के खिलाफ साथ में खड़े हैं और खड़े रहेंगे।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी के आगरा शिक्षक क्षेत्र के नव निर्वाचित विधान परिशद सदस्य डॉ. आकाश अग्रवाल के साथ भाजपाइयों और उनके संगी-साथियों ने जिस प्रकार आँखों में आँसू लाने व कपड़े फाड़ने का दुर्व्यवहार किया है, उससे समस्त अग्रहरि समाज ‘पीड़ित, दुखी, अपमानित’ होकर बेहद आहत है। आज अग्रहरि समाज अपने को ठगा व पीड़ित-उत्पीड़ित महसूस कर रहा है, और ‘जो पीड़ित, वो पीडीए!’ ही हमारा नारा है। उन्होंने कहा कि पीडीए में ‘ए’ का मतलब अब तो अग्रवाल-अग्रवंशी’ भी है।
अखिलेश यादव ने कहा कि जब समस्त अग्रवाल समाज हमारे साथ आ गया है तो हमें लग रहा है कि हमारी ताकत कई गुना बढ़ गई है। शैक्षिक व व्यावसायिक रूप से सशक्त इतने महत्वपूर्ण समाज के साथ आने से, हमारा जनाधार और मनोबल और भी बढ़ गया है। अब पीडीए की लड़ाई सच में 5 फीसदी भाजपाई बनाम 95 फीसदी पीडीए की हो गई है। उन्होंने कहा कि डॉ. राम मनोहर लोहिया के आदर्श कल भी हमारे प्रकाश स्तंभ थे, आज भी हैं और कल भी रहेंगे।