इजराइल चुनाव में नेतन्याहू और आइजनकोट गठबंधन में कांटे की टक्कर, सिर्फ 5 सीटों का अंतर
Gargachary Times
28 October 2026, 20:11
70 views
International
इजराइल में चुनाव के बाद वोटों की गिनती जारी है। अब तक 85.6% वोट गिने जा चुके हैं। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के गठबंधन को 53 सीटें मिलती दिख रही हैं, जबकि गादी आइजनकोट के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन को 48 सीटों पर आगे चल रहा है। दोनों के बीच सिर्फ 5 सीटों का अंतर है।
अरब पार्टियों की जॉइंट लिस्ट 12 और राअम 7 सीटों पर आगे हैं, दोनों को मिलाकर 19 सीटें हो रही हैं। जो इजराइल के चुनावी इतिहास में अरब पार्टियों का अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा होगा। इससे पहले 2020 के चुनाव में इन पार्टियों ने 15 सीटें जीती थीं।
इजराइल की संसद में कुल 120 सीटें हैं। सरकार बनाने के लिए 61 सीटें जरूरी हैं। अभी नेतन्याहू और विपक्ष, दोनों बहुमत से दूर हैं। ऐसे में अरब पार्टियों का समर्थन सरकार बनाने में अहम हो सकता है। चुनाव से पहले सर्वे में नेतन्याहू की हार का अनुमान लगाया गया था, लेकिन अब तक की गिनती में मुकाबला कड़ा बना हुआ है।
इजराइल में सरकार बनाने के लिए चुने गए नेता को शुरुआत में 28 दिन का समय मिलता है। जरूरत पड़ने पर राष्ट्रपति इसे 14 दिन और बढ़ा सकते हैं। यानी सरकार बनाने के लिए कुल 42 दिन मिल सकते हैं।
इस दौरान नेता को दूसरी पार्टियों से बातचीत कर समर्थन जुटाना होता है। इसके लिए पार्टियों के बीच नीतियों और मंत्रिपदों को लेकर समझौते हो सकते हैं।
सरकार बनाने के लिए आम तौर पर संसद में 61 सीटों का समर्थन जरूरी होता है। अगर नेता 61 सीटों का समर्थन नहीं जुटा पाता, तो वह छोटी पार्टियों के सहयोग से अल्पमत सरकार बनाने या दो नेताओं के बीच बारी-बारी से प्रधानमंत्री बनने का समझौता करने की कोशिश भी कर सकता है।