व्यापारियों की गुहार, राया में भी पटाखा बाजार लगवा दो सरकार
Gargachary Times
29 October 2026, 20:09
42 views
Mathura
राया। दीपावली के त्योहार को लेकर कस्बा राया में पटाखा बाजार लगाने की मांग तेज हो गई है। स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने जिला प्रशासन से इस बार राया में पटाखा बाजार लगाने की अनुमति देने की मांग की है। दिनेश अग्रवाल का कहना है कि पिछले वर्षों में प्रशासन की ओर से अनुमति नहीं मिलने के कारण क्षेत्र के लोगों को पटाखे खरीदने के लिए दूसरे कस्बों और शहरों का रुख करना पड़ा था। इससे स्थानीय व्यापारियों को भी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। व्यापारियों का कहना है राया आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों का प्रमुख व्यापारिक केंद्र है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण खरीदारी करने आते हैं। दीपावली के अवसर पर राया में पटाखा बाजार लगने से कस्बे के साथ-साथ आसपास लगे लगभग 80 गांवों के हजारों लोगों को भी सुविधा मिलेगी। लोगों को पटाखे खरीदने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और स्थानीय व्यापारियों को कारोबार बढ़ाने का अवसर मिलेगा।
पिछले वर्षों में नहीं लगा पटाखा बाजार
स्थानीय कुलदीप के अनुसार, पिछले वर्षों में सुरक्षा कारणों के चलते राया में पटाखा बाजार लगाने की अनुमति नहीं मिल सकी थी। इसके चलते दीपावली के दौरान बाजार में अपेक्षित रौनक नहीं दिखाई दी। पटाखों की खरीदारी के लिए लोगों को दूसरे क्षेत्रों में जाना पड़ा। उनका कहना है कि यदि इस बार प्रशासन अनुमति देता है तो बाजार में कारोबार बढ़ने के साथ युवाओं को भी रोजगार के अवसर मिल सकते हैं।
सुरक्षा मानकों के साथ बाजार लगाने की मांग
स्थानीय व्यापारी और नागरिकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए पटाखा बाजार लगाने की अनुमति दी जाए। इसके लिए निर्धारित स्थान पर दुकानों की व्यवस्था, अग्निशमन उपकरण, सुरक्षा इंतजाम और अन्य आवश्यक नियमों का पालन कराया जा सकता है। लोगों का कहना है कि प्रशासन की निगरानी में व्यवस्थित बाजार लगने से दीपावली की खरीदारी सुविधाजनक होगी और सुरक्षा व्यवस्था भी बेहतर रखी जा सकेगी।
व्यापारियों और नागरिकों ने जताई उम्मीद
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि दीपावली पर पटाखों की बिक्री से बाजार में रौनक बढ़ती है और छोटे दुकानदारों को भी लाभ मिलता है। राया में पटाखा बाजार की अनुमति मिलने से व्यापारियों के साथ आम नागरिकों को भी राहत मिलेगी। लोगों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि क्षेत्र की जरूरतों को देखते हुए इस बार पटाखा बाजार लगाने की अनुमति प्रदान की जाए, ताकि दीपावली का त्योहार उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जा सके।अब स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों की निगाहें जिला प्रशासन के निर्णय पर टिकी हैं।