फिरोजाबाद में प्रसव के दौरान महिला की मौत, अस्पताल के बाहर शव रखकर परिजनों का हंगामा
Gargachary Times
29 October 2026, 20:11
47 views
Firozabad
*फिरोजाबाद।* जनपद के थाना दक्षिण क्षेत्र में प्रसव के दौरान 25 वर्षीय महिला की मौत के बाद परिजनों ने जैन नगर स्थित आरोग्यम हॉस्पिटल के बाहर शव रखकर हंगामा किया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया।
जानकारी के अनुसार, थाना दक्षिण क्षेत्र के नगला मोती निवासी अंश की पत्नी खुशबू को 28 अक्टूबर को प्रसव के लिए जैन नगर स्थित आरोग्यम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि प्रसव के दौरान ऑपरेशन करते समय महिला की हालत बिगड़ गई। इसके बाद उसे बेहतर उपचार के लिए आगरा रेफर कर दिया गया।परिजनों के मुताबिक, आगरा में उपचार के दौरान खुशबू की मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजन शव लेकर फिरोजाबाद पहुंचे और अस्पताल के बाहर रखकर हंगामा किया।
परिजनों ने अस्पताल में उपचार के दौरान कथित लापरवाही की जांच कराने की मांग की। उनका कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि घटना की वास्तविक वजह सामने आ सके।
हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग से भी मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल, महिला की मौत के संबंध में लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।