Loading...

फिरोजाबाद में यातायात पुलिस का अभियान, 811 वाहनों के चालान

Gargachary Times 29 October 2026, 20:12 41 views
Firozabad
फिरोजाबाद में यातायात पुलिस का अभियान, 811 वाहनों के चालान
*फिरोजाबाद।* जनपद में यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए यातायात पुलिस ने गुरुवार को विशेष अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी यातायात के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया। यातायात पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, मानक से अधिक सवारी बैठाकर चलाए जा रहे ऑटो और ई-रिक्शा के विरुद्ध 53 चालान किए गए। वहीं, स्पीड मीटर से वाहनों की गति की जांच के दौरान निर्धारित सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चलाने वाले 153 चालकों के चालान किए गए। इसके अलावा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 602 अन्य वाहनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान साउंड स्पीकर लगाकर चलने वाले 21 वाहनों और स्टंट करने अथवा तेज रफ्तार से चलने वाली बाइकों के तीन चालान किए गए। इसके साथ ही आठ ईको वाहनों के विरुद्ध भी चालान की कार्रवाई की गई। हेलमेट और सीट बेल्ट के प्रति किया जागरूक पुलिस टीम ने बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों को हेलमेट के महत्व के बारे में बताया। हेलमेट बैंक के माध्यम से भी लोगों को हेलमेट के प्रयोग के प्रति जागरूक किया गया। वहीं, ब्रेथ एनालाइजर से वाहन चालकों की जांच कर उन्हें नशे की हालत में वाहन न चलाने की हिदायत दी गई। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने और यातायात संकेतों का पालन करने की अपील की।पुलिस ने आमजन से निर्धारित क्षमता के अनुसार ही वाहनों में सवारी बैठाने, वाहन निर्धारित स्थान पर खड़े करने और नाबालिग बच्चों को वाहन न चलाने देने की अपील की। साथ ही सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने का आह्वान किया।
Follow Samachar24