फिरोजाबाद में 60 दिन चलेगा ‘तंबाकू मुक्त युवा अभियान’, 1100 शिक्षण संस्थानों को बनाया जाएगा तंबाकू मुक्त
Gargachary Times
29 October 2026, 20:18
47 views
Firozabad
*फिरोजाबाद।* जनपद में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत 28 अक्टूबर 2026 से 60 दिवसीय ‘तंबाकू मुक्त युवा अभियान’ शुरू किया गया है। अभियान का उद्देश्य युवाओं को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, तंबाकू उत्पादों के सेवन पर रोक लगाने के प्रयास करना और शिक्षण संस्थानों व गांवों को तंबाकू मुक्त बनाना है। इस संबंध में संबंधित विभागों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
महानिदेशक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, उत्तर प्रदेश, लखनऊ से प्राप्त निर्देशों के क्रम में जनपद में अभियान का प्रभावी संचालन किया जाएगा। इसके तहत 150 सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) जागरूकता अभियान आयोजित किए जाएंगे। साथ ही, तंबाकू मुक्त शिक्षण संस्थान संचालन दिशा-निर्देशों के अनुसार 1100 शिक्षण संस्थानों को तंबाकू मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अतिरिक्त 100 गांवों को तंबाकू मुक्त बनाने और 100 प्रवर्तन अभियान एवं गतिविधियां संचालित करने की योजना है।
निर्देशों के अनुसार, संबंधित विभाग अपने अधीनस्थों के माध्यम से निर्धारित गतिविधियों को समय से पूरा कराएंगे। अभियान के दौरान आयोजित कार्यक्रमों और गतिविधियों की दैनिक रिपोर्ट राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम (एनटीसीपी) के एमआईएस पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। इसकी सूचना जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ को ईमेल अथवा व्हाट्सएप के माध्यम से प्रतिदिन भेजनी होगी।
युवाओं में तंबाकू सेवन चिंता का विषय
ग्लोबल यूथ टोबैको सर्वे (जीवाईटीएस-2019) के अनुसार, उत्तर प्रदेश में 13 से 15 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 23 प्रतिशत युवा धुआं रहित और धुएं वाले तंबाकू उत्पादों का सेवन करते हैं। वहीं, प्रदेश में लगभग 35.5 प्रतिशत वयस्क भी किसी न किसी रूप में तंबाकू का उपभोग करते हैं। तंबाकू सेवन से होने वाली बीमारियों को कम करने और युवाओं को इसके दुष्प्रभावों से बचाने के लिए यह अभियान महत्वपूर्ण माना जा रहा है।अभियान से संबंधित जानकारी के लिए जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ की सोशल वर्कर सर्वेश से मोबाइल नंबर 96348966001 अथवा 9058011021 पर संपर्क किया जा सकता है। कार्यक्रमों की रिपोर्ट निर्धारित ईमेल आईडी **NTCP.dtccfirozabad@gmail.com* अथवा व्हाट्सएप नंबर *9759588786* पर भेजने के निर्देश दिए गए हैं।