Loading...

खाद की दुकानों पर कृषि विभाग की छापेमारी, 90 अधिकारियों-कर्मचारियों की लगाई गई ड्यूटी .यूरिया और डीएपी के स्टॉक का किया मिलान

Gargachary Times 30 October 2026, 20:30 48 views
Firozabad
खाद की दुकानों पर कृषि विभाग की छापेमारी, 90 अधिकारियों-कर्मचारियों की लगाई गई ड्यूटी .यूरिया और डीएपी के स्टॉक का किया मिलान
*फिरोजाबाद।* खाद की कालाबाजारी और निर्धारित दरों से अधिक कीमत वसूलने पर अंकुश लगाने के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर कृषि विभाग ने जिलेभर में जांच अभियान शुरू किया है। बिक्री केंद्रों के निरीक्षण के लिए कुल 90 अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। शुक्रवार को कृषि विभाग की टीमों ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में खाद-बीज की दुकानों पर छापेमारी कर स्टॉक और अभिलेखों की जांच की।निरीक्षण के दौरान यूरिया और डीएपी के स्टॉक की जांच की गई। साथ ही पीओएस मशीन में दर्ज खाद की मात्रा का दुकानों में उपलब्ध भौतिक स्टॉक से मिलान किया गया। अधिकारियों ने दुकानदारों को निर्देश दिए कि किसानों को शासन द्वारा निर्धारित दरों पर ही खाद उपलब्ध कराएं। खाद वितरण में किसान की खतौनी के आधार पर प्रक्रिया अपनाने और स्टॉक का रिकॉर्ड नियमित रूप से दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए गए।इन दिनों आलू, गेहूं और सरसों की बुवाई के चलते किसान बड़ी संख्या में खाद खरीद रहे हैं। ऐसे में खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने, कालाबाजारी रोकने और किसानों को उचित दर पर खाद उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। जांच अभियान की सूचना मिलते ही कुछ दुकानदारों में हलचल मच गई। वहीं कुछ दुकानदार दुकानें बंद कर चले गए। जनपद में खाद की पर्याप्त उपलब्धता जिला कृषि अधिकारी सुमित कुमार चौहान ने बताया कि जनपद में खाद की कोई कमी नहीं है। जिले में वर्तमान में 23,950 मीट्रिक टन यूरिया, 6,706 मीट्रिक टन डीएपी, 3,719 मीट्रिक टन एनपीके, 4,956 मीट्रिक टन एमओपी और 2,497 मीट्रिक टन एसएसपी उपलब्ध है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे फसलों की आवश्यकता एवं कृषि विभाग की संस्तुति के अनुसार ही खाद खरीदें और अनावश्यक भंडारण न करें। उन्होंने कहा कि खाद की उपलब्धता एवं निर्धारित दरों पर बिक्री सुनिश्चित करने के लिए विभागीय जांच अभियान जारी रहेगा।
Follow Samachar24