डीएम संतोष कुमार शर्मा ने अधिकारियों को दिए फार्मर आईडी का विभागीय योजनाओं में प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश
Gargachary Times
30 October 2026, 20:56
55 views
Firozabad
*फिरोजाबाद।* जनपद में एग्रीस्टैक योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं किसानों की फार्मर आईडी का विभिन्न सरकारी योजनाओं में उपयोग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय टास्क फोर्स (DLTF) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एग्रीस्टैक डाटा के शत-प्रतिशत आच्छादन और फार्मर रजिस्ट्री एवं डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद फिरोजाबाद में अब तक 93 प्रतिशत किसानों की भूमि संबंधी सूचनाओं का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि अब इस डिजिटल व्यवस्था का लाभ किसानों तक पहुंचाना प्राथमिकता है, ताकि उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं विभागीय सेवाओं का लाभ आसानी से मिल सके।
उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभाग की योजनाओं एवं सेवाओं में फार्मर आईडी के उपयोग की संभावनाओं का आकलन करें। इसके तहत पात्र लाभार्थियों की पहचान, आवश्यक अभिलेखों का सत्यापन तथा कृषि एवं किसान कल्याण से जुड़ी सेवाओं में डिजिटल किसान पहचान के उपयोग के क्षेत्रों को चिह्नित कर आवश्यक प्रस्ताव तैयार किए जाएं।
डीएम ने फार्मर रजिस्ट्री एवं डिजिटल क्रॉप सर्वे में मौजूद कमियों को चिह्नित कर संबंधित विभागों से सुझाव आमंत्रित करने के निर्देश दिए। साथ ही फसल सर्वेक्षण एवं फार्मर रजिस्ट्री में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के उपयोग की संभावनाएं तलाशने और उपयोगी सुझाव उच्च स्तर पर भेजने को कहा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने टर्म्स ऑफ रेफरेंस एवं थीमैटिक एरियाज के अंतर्गत अपेक्षित सूचनाएं, प्रस्ताव एवं की गई कार्रवाई का विवरण 31 अक्टूबर 2026 को दोपहर 12 बजे तक सॉफ्ट कॉपी में उपलब्ध कराएं, ताकि संकलित सूचनाओं को भारत सरकार के PRAGATI पोर्टल पर अपलोड किया जा सके। निर्धारित समय सीमा में विभागवार अनुपालन आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में उप कृषि निदेशक सत्येंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित PM PRAGATI की समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में जनपद में एग्रीस्टैक डाटा का शत-प्रतिशत आच्छादन एवं किसानों के हित में इसके प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के लिए जिला स्तरीय टास्क फोर्स का गठन किया गया है।उन्होंने अधिकारियों को एग्रीस्टैक के महत्व एवं बैठक के उद्देश्यों से अवगत कराते हुए अपने विभागों से संबंधित आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि फार्मर आईडी के प्रभावी उपयोग से किसानों की पहचान एवं पात्रता का सत्यापन आसान होगा और सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता बढ़ने के साथ पात्र किसानों तक लाभ पहुंचाने में मदद मिलेगी।बैठक में अधिशासी अभियंता सिंचाई डीपी सिंह, अपर सहायक सांख्यिकी अधिकारी राजेंद्र प्रसाद, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक रमनकांत, डीसी एसबीएम दया शंकर, सहायक अभियंता लघु सिंचाई रविंद्र कुमार, सहायक अभियंता ट्यूबवेल दिनेश कुमार, अधिशासी अधिकारी जिला पंचायत विनोद कुमार वर्मा, कृषि वैज्ञानिक डॉ. ओमकार सिंह, पृथ्वीपाल सिंह, एचडीएफसी एग्रो के प्रतिनिधि सुग्रीव कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।