स्कूल के विद्यार्थियों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
Gargachary Times
31 October 2026, 19:02
52 views
Mathura
ललित उपाध्याय, संवाददाता मथुरा।
नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने विद्यार्थियों से किया संवाद, विजेता प्रतिभागियों को किया सम्मानित
धार्मिक आयोजनों में प्राकृतिक सामग्री अपनाने और पटाखामुक्त उत्सव मनाने का दिया संदेश
मथुरा। नगर निगम मथुरा-वृंदावन एवं प्रोजेक्ट मथुरा के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को भूतेश्वर स्थित नगर निगम कार्यालय में ‘क्लाइमेट पे चर्चा 3.0’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें शहर के 11 स्कूलों के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग कर पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और प्रदूषण नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम में नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान तीन चरणों में धार्मिक अपशिष्ट के निस्तारण, कचरा जलाने से होने वाले प्रदूषण और पटाखों के दुष्प्रभावों पर चर्चा की गई। विद्यार्थियों ने धार्मिक आयोजनों में प्लास्टिक और फैंसी सामग्री के स्थान पर प्राकृतिक एवं पर्यावरण अनुकूल सामग्री का इस्तेमाल करने की अपील की। साथ ही शादियों और नए साल जैसे आयोजनों में पटाखों का प्रयोग कम करने तथा पटाखामुक्त उत्सव मनाने का संदेश दिया।
नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की शुरुआत प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं से करनी होगी। विद्यार्थियों को अपने घर, विद्यालय और आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता एवं पर्यावरण अनुकूल आदतें अपनानी चाहिए और दूसरों को भी जागरूक करना चाहिए। बच्चों की छोटी-छोटी पहल भविष्य में बड़े बदलाव का आधार बन सकती है।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों के आधार पर वृंदावन पब्लिक स्कूल ने प्रथम, आर्मी पब्लिक स्कूल ने द्वितीय तथा माउंट हिल एकेडमी गोकुलपुरा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वृंदावन पब्लिक स्कूल के स्पर्श ने पूजा के फूलों से अगरबत्ती और परफ्यूम बनाने का सुझाव दिया। वहीं जयपुरिया स्कूल की अनामिका ने मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाने, डीपीएस की विदुषी ने उत्सवों की परिभाषा बदलने तथा माउंट हिल एकेडमी की प्रिंसी ने बीजों से राखी बनाने के प्रयासों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में इको लीडरशिप अवार्ड के लिए रमनलाल सोरावाला स्कूल की पायल, आर्मी पब्लिक स्कूल की तनुश्री, कान्हा माखन मिलेनियम के ज्ञानेश, जयपुरिया स्कूल की अनामिका और माउंट हिल एकेडमी की अन्वी को सम्मानित किया गया। वहीं ग्रीन इनोवेटर अवार्ड के लिए जयपुरिया स्कूल की लक्षिता एवं अनामिका, डीपीएस की विदुषी, माउंट हिल एकेडमी की प्रिंसी और वृंदावन पब्लिक स्कूल के विनय कुमार सिंह को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। इसके अलावा पांच विद्यार्थियों को क्लाइमेट एक्शन अवार्ड से सम्मानित किया गया।
नगर आयुक्त ने घोषणा की कि आगामी कार्यक्रम में विद्यार्थियों को वेस्ट मैनेजमेंट सेंटर का भ्रमण कराया जाएगा, जहां उन्हें कचरे के निस्तारण की पूरी प्रक्रिया दिखाई जाएगी। प्रोजेक्ट मथुरा के संस्थापक विपुल अग्रवाल ने कहा कि संस्था भविष्य में भी इको क्लब और विद्यालयों में कार्यशालाएं आयोजित करती रहेगी। उन्होंने बताया कि इसी कड़ी में जल्द ही क्लाइमेट पे चर्चा 4.0 का आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर नगर निगम की आईसी टीम, प्लान फाउंडेशन और प्रोजेक्ट मथुरा की टीम के सदस्य कृष्णा श्री, अर्पिता, दीपक, अमन, विवेक, शिवांगी, सिद्धि, मनीष, उदय, काव्य एवं नवज्योति सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।