सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर पुलिसकर्मियों ने ली राष्ट्रीय एकता की शपथ एएसपी ग्रामीण अनुज चौधरी ने दिलाई एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ
Gargachary Times
31 October 2026, 20:12
58 views
Firozabad
फिरोजाबाद। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को फिरोजाबाद पुलिस द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनुज चौधरी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने देश की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने तथा देशवासियों के बीच आपसी सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया। साथ ही सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों से प्रेरणा लेकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करने की शपथ ली।
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर गृह मंत्रालय भारत सरकार एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के क्रम में जनपद के सभी थानों पर बड़ी स्क्रीन के माध्यम से एकता परेड-2026 का सीधा प्रसारण कराया गया। इस कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों, युवाओं और स्कूली बच्चों को भी शामिल किया गया, ताकि उनमें राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित किया जा सके।कार्यक्रम के माध्यम से सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान को याद किया गया। पुलिस अधिकारियों ने सभी पुलिसकर्मियों को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के प्रति सदैव प्रतिबद्ध रहने और अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी एवं निष्ठा से करने के लिए प्रेरित किया।