Loading...

सरदार पटेल की 151वीं जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई, डीएम ने दिलाई एकता की शपथ

Gargachary Times 31 October 2026, 20:13 74 views
Firozabad
सरदार पटेल की 151वीं जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई, डीएम ने दिलाई एकता की शपथ
फिरोजाबाद। भारत के लौह पुरुष एवं देश की अखंडता के शिल्पकार सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती शनिवार को जनपद में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट, विकास भवन सहित विभिन्न सरकारी कार्यालयों और विद्यालयों में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। लोगों ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया। मुख्य कार्यक्रम कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुआ। यहां जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, अपर जिलाधिकारी कल्पना जायसवाल सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल अखंड भारत के सूत्रधार थे। उन्होंने ऐसे भारत का सपना देखा था, जो एकता के सूत्र में बंधा हो। देश की विविधता हमारी सबसे बड़ी संपत्ति है और इसकी वास्तविक शक्ति आपसी सम्मान, साझा दृष्टिकोण तथा संवैधानिक मूल्यों से जुड़कर ही मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि देशी रियासतों के ऐतिहासिक एकीकरण से लेकर अखिल भारतीय सेवाओं के सृजन तक सरदार पटेल ने देश को एक सूत्र में पिरोने का अभूतपूर्व कार्य किया। उनके आदर्शों पर आगे बढ़ते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक भारत श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना को नया स्वरूप दिया है। इसका उद्देश्य देश के विभिन्न क्षेत्रों, भाषाओं, संस्कृतियों और परंपराओं के बीच आपसी सम्मान एवं एकजुटता को बढ़ावा देना है।विद्यालयों में निकाली गई रन फॉर यूनिटी राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर जनपद के विभिन्न विद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों को सरदार पटेल के ऐतिहासिक योगदान और देश की एकता बनाए रखने में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक रन फॉर यूनिटी में भाग लिया। इस दौरान निकाली गई रैली के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी सद्भाव का संदेश दिया गया। कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को सरदार वल्लभभाई पटेल के विचारों और आदर्शों को अपनाने तथा देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाए रखने का संदेश दिया गया।
Follow Samachar24