Loading...

छात्रा प्रीति की मौत का मामला गरमाया, चार घंटे से धरने पर बैठे परिजन कब्र से शव निकलवाकर फिरोजाबाद पहुंचे परिजन, कॉलेज चेयरमैन और बेटे की गिरफ्तारी की मांग; पुलिस ने शव को दोबारा मैनपुरी में दफनवाया

Gargachary Times 31 October 2026, 20:27 82 views
Firozabad
छात्रा प्रीति की मौत का मामला गरमाया, चार घंटे से धरने पर बैठे परिजन कब्र से शव निकलवाकर फिरोजाबाद पहुंचे परिजन, कॉलेज चेयरमैन और बेटे की गिरफ्तारी की मांग; पुलिस ने शव को दोबारा मैनपुरी में दफनवाया
फिरोजाबाद। जीएनएम की छात्रा प्रीति की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। कॉलेज चेयरमैन और उनके बेटे की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शनिवार को परिजनों ने सिविल लाइन पुलिस चौकी के सामने धरना शुरू कर दिया। परिजन करीब चार घंटे तक धरने पर बैठे रहे। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच किसी दूसरी एजेंसी से कराने सहित कई मांगों को लेकर जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपा। वहीं, शनिवार को परिजन कब्र से छात्रा का शव निकलवाकर दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग को लेकर फिरोजाबाद जिला मुख्यालय पहुंचने का प्रयास कर रहे थे। बताया गया कि दोपहर में शिकोहाबाद क्षेत्र की संत जनू बाबा पुलिस चौकी पर पुलिस चेकिंग करती रही, लेकिन परिजन पुलिस को चकमा देकर शव लेकर जिला मुख्यालय पहुंच गए। हालांकि, जिला मुख्यालय पहुंचने से पहले मटसेना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया। बाद में पुलिस ने मैनपुरी पहुंचकर शव को दोबारा दफनवा दिया। गौरतलब है कि मैनपुरी जिले के औंछा थाना क्षेत्र के गांव मधन निवासी सोनपाल की 17 वर्षीय बेटी प्रीति मटसेना क्षेत्र स्थित एक निजी नर्सिंग कॉलेज में जीएनएम की पढ़ाई कर रही थी। गुरुवार को उसका शव रेलवे लाइन के किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला था। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शव को गांव में दफना दिया था। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद कॉलेज प्रबंधन ने उनका सहयोग नहीं किया। पिता सोनपाल के मुताबिक, उन्होंने कॉलेज में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज मांगी थी, लेकिन प्रबंधन ने फुटेज देने से इनकार कर दिया। इसी के चलते उन्हें बेटी की मौत को लेकर संदेह है। शनिवार को परिजनों ने दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग को लेकर कब्र से शव निकलवाया और फिरोजाबाद पहुंच गए। ज्ञापन सौंपकर रखीं कई मांगें इधर, नव जागृति कठेरिया धानुक समाज महासंघ के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन चंचल त्यागी को सौंपा। ज्ञापन में मामले की विवेचना दूसरे थाने से कराने, मेडिकल कॉलेज की मान्यता रद्द करने, पीड़ित परिवार को मुआवजा देने, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने तथा मटसेना थाना प्रभारी को बर्खास्त करने की मांग की गई। धरनास्थल पर थाना रसूलपुर सहित कई थानों का पुलिस बल तैनात रहा। मटसेना थाना प्रभारी विमलेश त्रिपाठी ने बताया कि वह शव को मैनपुरी में दफन करवाकर वापस लौट रहे हैं। वहीं, चौकी के सामने कुछ लोग धरने पर बैठे हैं। पुलिस उनसे बातचीत कर धरना समाप्त कराने का प्रयास कर रही है।
Follow Samachar24