पुलिस लाइन में लगा निःशुल्क चिकित्सा शिविर, पुलिसकर्मियों और परिजनों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
Gargachary Times
1 November 2026, 19:36
44 views
Firozabad
*फिरोजाबाद।* पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों को बेहतर स्वास्थ्य और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविवार को पुलिस लाइन स्थित बहुउद्देशीय हॉल में सेहत साथी ग्रुप, फिरोजाबाद की ओर से निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया।शिविर में डॉ. अरविन्द चौहान (दंत शल्य चिकित्सक), डॉ. अर्पित अग्रवाल (वरिष्ठ जनरल एवं लेप्रोस्कोपिक सर्जन), डॉ. शुभांगी अग्रवाल (स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ) तथा डॉ. राहुल (अस्थि रोग विशेषज्ञ) ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। चिकित्सकों ने उपस्थित लोगों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं सुनीं और जांच के बाद उचित उपचार एवं बचाव के सुझाव दिए।
शिविर में ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर की निःशुल्क जांच के साथ सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, दंत रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग, हड्डी और जोड़ संबंधी समस्याओं की जांच तथा जनरल सर्जरी से जुड़े परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई। आवश्यकता के अनुसार मरीजों को निःशुल्क दवाओं का वितरण भी किया गया।
इसके साथ ही चिकित्सकों ने विभिन्न बीमारियों से बचाव, नियमित स्वास्थ्य जांच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक किया। शिविर का उद्देश्य पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सा परामर्श उपलब्ध कराना रहा।