विधिक सेवा शिविर में 1,080 लाभार्थियों को मंच से मिला योजनाओं का लाभ, अभियान में 2.19 लाख लोग लाभान्वित
Gargachary Times
1 November 2026, 19:37
54 views
Firozabad
*फिरोजाबाद।* उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण फिरोजाबाद के तत्वावधान में रविवार को जनपद न्यायालय परिसर में मेगा वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का भव्य आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से मेगा कैंप के दिन 1,080 लाभार्थियों को मंच से लाभान्वित किया गया। वहीं अभियान के प्रारंभ से आयोजन दिवस तक कुल 2,19,650 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ पहुंचाया गया।
कार्यक्रम में जनपद न्यायाधीश मनोज कुमार-तृतीय, जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण योगेश शिवा सहित न्यायिक अधिकारी, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष, अधिवक्ता एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।जनपद न्यायाधीश मनोज कुमार-तृतीय ने कहा कि विधिक सेवा शिविरों का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना है। सचिव योगेश शिवा ने निःशुल्क विधिक सहायता एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं की जानकारी देते हुए लोगों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील की।शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लाभार्थियों को योजनाओं के प्रमाण पत्र, चेक, आवास की चाबियां, ट्राइसाइकिल एवं सहायक उपकरण वितरित किए गए। पंचायती राज विभाग ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत सात लाभार्थियों को व्यक्तिगत शौचालय के प्रमाण पत्र दिए। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 10 स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को आरएफ एवं सीआईएफ के डेमो चेक वितरित किए गए।जिला उद्योग एवं प्रोत्साहन केंद्र द्वारा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के पांच लाभार्थियों को चेक दिए गए। पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग ने शादी अनुदान योजना के पांच लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। मत्स्य पालन विभाग के चार लाभार्थियों को प्रमाण पत्र तथा उद्यान विभाग के छह लाभार्थियों को एकीकृत बागवानी विकास मिशन के अंतर्गत लाभान्वित किया गया।श्रम विभाग ने मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना के तीन तथा कन्या विवाह सहायता योजना के पांच लाभार्थियों को लाभ प्रदान किया। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से छात्रा नीति दुबे को टीएलएम किट, ललित कुमार को टीएलएम किट तथा रंजना, मानसी और जयकांत को ब्रेल किट प्रदान की गई। स्वास्थ्य विभाग ने पांच लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए।जिला बाल सेवा योजना के अंतर्गत नव्या, साधना, अंशुल और जानवी चौहान को प्रमाण पत्र दिए गए। जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग ने पांच लाभार्थियों को ट्राइसाइकिल तथा चार लाभार्थियों को हियरिंग उपकरण वितरित किए। कौशल विकास मिशन के तहत टेलीकॉम ग्रामीण उद्यमी कोर्स के नौ लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।कार्यक्रम में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया।शिविर के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता, सरकारी योजनाओं की जानकारी और पात्र लाभार्थियों को सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जरूरतमंद एवं कमजोर वर्गों तक न्याय और जनकल्याणकारी सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।