ब्रजरज उत्सव में खादी फैशन शो की धूम, 'खादी फॉर नेशन, खादी फॉर फैशन' की थीम पर मॉडल्स ने बिखेरा जलवा
Gargachary Times
1 November 2026, 20:20
81 views
Mathura
मथुरा कान्हा की नगरी में पूरी भव्यता के साथ चल रहे 'ब्रजरज उत्सव' में शुक्रवार को खादी का एक बिल्कुल नया और आधुनिक अवतार देखने को मिला। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के विजन और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा एक भव्य खादी फैशन शो का आयोजन किया गया। "खादी फॉर नेशन, खादी फॉर फैशन" की थीम पर आधारित इस शो ने यह साबित कर दिया कि खादी सिर्फ एक पारंपरिक कपड़ा नहीं, बल्कि राष्ट्रीय गौरव और आधुनिक ट्रेंड का एक शानदार संगम है।
फैशन शो का भव्य शुभारंभ व्यापार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष रविकांत गर्ग, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता, खादी बोर्ड के उपमुख्य कार्यपालक अधिकारी राजीव त्यागी, ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सतीश चन्द्र, प्रबंधक ग्रामोद्योग नीतू यादव, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी अनिल कुमार और अन्य गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में हुआ।
8 राउंड में दिखी खादी की विविधता
खादी फैशन शो में कुल 8 राउंड हुए, जिनके माध्यम से खादी को बेहद रचनात्मक तरीके से पेश किया गया। पहले राउंड 'पारंपरिक विरासत' में शुद्ध खादी की साड़ियों का प्रदर्शन हुआ। दूसरा राउंड इंडो-वेस्टर्न फ्यूजन का रहा। तीसरे राउंड में मॉडल्स ने 'चरखा' लेकर अनोखे अंदाज में रैंप वॉक किया, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद खादी पटका, आधुनिक कट वाले धोती- कुर्ते, और कपल राउंड में कढ़ाई वाले भारी डिजाइनर कपड़ों का प्रदर्शन हुआ। युवाओं के लिए शॉर्ट शर्ट, ट्यूनिक्स, को-ऑर्ड सेट और वेस्टर्न ड्रेसेज भी प्रदर्शित की गईं। आठवें और अंतिम 'ग्रैंड फिनाले' राउंड में सबसे भव्य और आकर्षक मास्टरपीस परिधान पेश किए गए।
मॉडलिंग में दिखा दिल्ली और हरियाणा का जलवा
इस फैशन शो में दिल्ली, हरियाणा, मथुरा और आगरा के मॉडल्स ने हिस्सा लिया। शो ओपनर के रूप में मॉडल मृणालिनी शर्मा, निशा सिंह और मयंक ने शानदार शुरुआत की। वहीं शो स्टॉपर के रूप में हरियाणा के मशहूर मॉडल दीपक और आगरा की मॉडल रूबी खान ने रैंप पर अपना जलवा बिखेरा। इस इवेंट को सुजल जैन ने कोरियोग्राफ किया और एकता जैन इवेंट को-ऑर्डिनेटर रहीं।
योगी सरकार दे रही कारीगरों को बढ़ावा
ब्रजरज उत्सव में खादी ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा 10 खादी स्टॉल भी लगाए गए हैं। योगी सरकार की 'वोकल फॉर लोकल' पहल के तहत खादी को आधुनिक फैशन फैब्रिक के रूप में प्रमोट किया जा रहा है। सरकार कारीगरों को डिजाइनिंग, प्रोसेसिंग और ब्रांडिंग का प्रशिक्षण दिला रही है, जिससे 'आत्मनिर्भर भारत' का संकल्प साकार हो रहा है।