ऑनलाइन चिकित्सा प्रतिपूर्ति व्यवस्था के विरोध में पेंशनरों का धरना-प्रदर्शन, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
Gargachary Times
2 November 2026, 20:13
67 views
Firozabad
फिरोजाबाद। सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के आह्वान पर सोमवार को जनपद के पेंशनरों ने चिकित्सा प्रतिपूर्ति के दावों की ऑनलाइन व्यवस्था के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान पेंशनरों ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के प्रतिनिधि डिप्टी कलेक्टर मुख्यालय राजेश निगम को सौंपकर पुरानी ऑफलाइन व्यवस्था भी जारी रखने की मांग की।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रदेश के सेवारत एवं सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारियों के चिकित्सा प्रतिपूर्ति दावों को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के नौ सितंबर 2026 के शासनादेश के अनुसार एक अक्टूबर से पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया गया है। इस जटिल प्रक्रिया के चलते बुजुर्ग पेंशनरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इससे पेंशनरों में आक्रोश व्याप्त है।पेंशनर संगठन ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि जब तक सभी पेंशनर ऑनलाइन प्रक्रिया से पूरी तरह परिचित नहीं हो जाते, तब तक पूर्व की ऑफलाइन व्यवस्था को भी जारी रखा जाए। चिकित्सा प्रतिपूर्ति के दावे ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से स्वीकार किए जाएं, जिससे बुजुर्ग पेंशनरों को परेशानी न उठानी पड़े।
धरना-प्रदर्शन के दौरान संगठन के जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार यादव, जिला मंत्री विजेंद्र सिंह, दर्शन सिंह, घमंडी लाल बघेल, प्रेम प्रकाश कुशवाह, ब्रजपाल सिंह, ब्रजेश कुमार उपाध्याय, चेतन बिहारी सक्सेना, महिपाल सिंह, महेश गुप्ता, भगवान दास पीयूष, रामनाथ सिंह, सेवक, महावीर सिंह, नरेश बाबू, योगेश बाबू, डॉ. संतोष कुमार, रामवीर सिंह राना, मुश्ताक अहमद, रामखिलाड़ी, घनश्याम सिंह, खूबचंद, कुशलपाल सिंह, रमेश चंद्र, डॉ. मिलाप सिंह, विवेक यादव और नौबत सिंह सहित बड़ी संख्या में पेंशनर मौजूद रहे। धरने का संचालन जिला प्रवक्ता सुखदेव सिंह ने किया।