बेटियों की शिक्षा को मिली रफ्तार, 50 छात्राओं को वितरित की गईं साइकिलें मुथूट फाइनेंस और कोमल फाउंडेशन की पहल
Gargachary Times
2 November 2026, 20:14
64 views
Firozabad
*फिरोजाबाद।* बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने, विद्यालय आने-जाने में होने वाली परेशानियों को दूर करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से कोमल फाउंडेशन ने मुथूट फाइनेंस के सहयोग से कमला नेहरू चंद्र कुमारी जैन इंटर कॉलेज, बौद्ध आश्रम रोड, टापा कलां में साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम के दौरान 50 जरूरतमंद छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं। साइकिलें पाकर छात्राओं के चेहरों पर खुशी और उत्साह दिखाई दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार और विशिष्ट अतिथि जेएस विश्वविद्यालय शिकोहाबाद की कुलपति डॉ. गीता यादव, आईवी इंटरनेशनल स्कूल की प्रधानाचार्या डॉ. नंदनी यादव, कोमल फाउंडेशन के अध्यक्ष अश्वनी कुमार राजौरिया, मुथूट फाइनेंस के शाखा प्रबंधक अनिल कुमार शर्मा, योगाचार्य डॉ. पीएस राना, सभासद सुहेलकांत शर्मा एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य अमित जैन ने छात्राओं को साइकिलें वितरित कीं।मुख्य अतिथि बीएसए अनिल कुमार ने कहा कि बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने वाली ऐसी पहलें समाज में सकारात्मक बदलाव लाती हैं। साइकिल मिलने से छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी। साथ ही उनकी नियमित उपस्थिति और आत्मविश्वास में भी वृद्धि होगी।
कुलपति डॉ. गीता यादव ने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़ी बेटियों को शिक्षा से जोड़ना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। कोमल फाउंडेशन और मुथूट फाइनेंस का यह प्रयास छात्राओं के भविष्य को मजबूत बनाने वाला प्रेरणादायक कदम है।
कोमल फाउंडेशन के अध्यक्ष अश्वनी कुमार राजौरिया ने कहा कि संस्था का उद्देश्य जरूरतमंदों की सहायता के साथ ही उन्हें शिक्षा और अवसरों के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना है। ये साइकिलें छात्राओं के लिए केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि उनके सपनों और लक्ष्यों तक पहुंचने का माध्यम बनेंगी।मुथूट फाइनेंस के शाखा प्रबंधक अनिल कुमार शर्मा ने कहा कि कंपनी कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत समाज के जरूरतमंद वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। वहीं, विद्यालय के प्रधानाचार्य अमित जैन ने कोमल फाउंडेशन और मुथूट फाइनेंस का आभार जताते हुए कहा कि साइकिलें छात्राओं की पढ़ाई में निरंतरता बनाए रखने में उपयोगी साबित होंगी।
कार्यक्रम में कोमल फाउंडेशन के लाखन सिंह, मदन गोपाल, कृष्णवीर, योगेंद्र यादव सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं प्रशासनिक सदस्य मौजूद रहे।