Loading...

नाबालिग से दुष्कर्म और जानलेवा हमले के दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

Gargachary Times 2 November 2026, 20:14 63 views
Firozabad
नाबालिग से दुष्कर्म और जानलेवा हमले के दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
फिरोजाबाद। जनपद के थाना खैरगढ़ क्षेत्र में नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म और जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को थाना खैरगढ़, थाना मक्खनपुर पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी है। घायल आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार एक नवंबर को खैरगढ़ क्षेत्र में एक किशोरी खेतों में घायल अवस्था में मिली थी। पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था। मामले में पीड़िता के पिता की तहरीर पर थाना खैरगढ़ में मुकदमा संख्या 231/26 धारा 109 और 137(2) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान दुष्कर्म के साक्ष्य मिलने पर मुकदमे में धारा 109(1), 70(2) बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की धारा 5जी/6 की बढ़ोतरी की गई। जांच में तीन आरोपियों के नाम प्रकाश में आए थे।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया था। सोमवार को पुलिस को सूचना मिली कि मामले में वांछित ऋषि और जगत निवासी नगला सकटू हाईवे की तरफ जाने वाले हैं। इस पर खैरगढ़, मक्खनपुर पुलिस के साथ एसओजी और सर्विलांस टीम ने नगला राघौल के पास चेकिंग शुरू कर दी।इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो बाइक सवार वापस मुड़कर भागने लगे और उनकी मोटरसाइकिल फिसल गई। पुलिस के मुताबिक घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ऋषि पुत्र इनाम सिंह और जगत पुत्र इनाम सिंह निवासी ग्राम सकटू, थाना खैरगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में ऋषि ने बताया कि वह पिछले करीब छह महीने से पीड़िता के संपर्क में था। 31 अक्टूबर की रात उसने किशोरी को खेत पर बुलाया था, जहां उसके साथ जबरदस्ती की। विरोध करने पर उसने किशोरी का गला दबाया और बेहोश होने पर मौके से भाग गया।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे 315 बोर, तीन जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस, बिना नंबर की एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल और पीड़िता का सैमसंग कीपैड मोबाइल बरामद किया है।पुलिस के मुताबिक आरोपी ऋषि के खिलाफ पूर्व में भी थाना खैरगढ़ में मुकदमा दर्ज है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है। इस कार्रवाई में एसओजी प्रभारी निरीक्षक प्रेम शंकर पांडेय, सर्विलांस प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार, थानाध्यक्ष खैरगढ़ प्रवीण कुमार मिश्रा, थानाध्यक्ष मक्खनपुर चमन कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार, कांस्टेबल अजय कुमार और सचिन सहित पुलिस टीम शामिल रही।
Follow Samachar24