एसएसपी आदित्य लांग्हे ने किया यातायात माह नवंबर का शुभारंभ, जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी एसएसपी ने बताए सड़क सुरक्षा के आठ महत्वपूर्ण नियम
Gargachary Times
2 November 2026, 20:18
71 views
Firozabad
फिरोजाबाद। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को पुलिस लाइन स्थित बहुउद्देशीय हॉल में यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए यातायात जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स एवं एसएमके इंग्लिश मीडियम स्कूल के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इस दौरान एसएसपी ने बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए कहा कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को यातायात नियमों का पालन करना चाहिए।
उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, तीन सवारी न बैठाने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, बिना नंबर प्लेट वाहन न चलाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, सड़क पर बाईं ओर चलने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने की अपील की।
इसके बाद एसएसपी ने एनसीसी कैडेट्स एवं स्कूली छात्र-छात्राओं की जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली विवेकानंद चौराहे से नालबंद चौराहे तक निकाली गई। कैडेट्स ने लोगों को यातायात नियमों का पालन करने और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के प्रति जागरूक किया।
यातायात माह के अंतर्गत यातायात पुलिस द्वारा जनपद के विभिन्न विद्यालयों, प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें छात्र-छात्राओं, वाहन चालकों और आमजन को यातायात नियमों की जानकारी देकर सुरक्षित यातायात के लिए प्रेरित किया जाएगा।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक, सहायक पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी यातायात सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। फिरोजाबाद पुलिस ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने, स्वयं सुरक्षित रहने और दूसरों को भी सुरक्षित रखने की अपील की।