Loading...

मिशन शक्ति फेज-06 के तहत महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षा व अधिकारों के प्रति किया जागरूक

Gargachary Times 2 November 2026, 20:18 75 views
Firozabad
मिशन शक्ति फेज-06 के तहत महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षा व अधिकारों के प्रति किया जागरूक
फिरोजाबाद। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति फेज-06 अभियान के तहत सोमवार को जनपदभर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं ग्रामीण के नेतृत्व में समस्त क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान चलाया। अभियान के तहत पुलिस की मिशन शक्ति टीमों ने स्कूलों, विद्यालयों, गांवों और ब्लॉक स्तर पर रैली एवं संगोष्ठियों के माध्यम से महिलाओं, बालिकाओं, छात्राओं, शिक्षिकाओं और संभ्रांत नागरिकों को जागरूक किया। इस दौरान महिला सशक्तीकरण, सुरक्षा, सम्मान, समानता और उनके कानूनी अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रमों में महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों की रोकथाम, साइबर हिंसा एवं साइबर सुरक्षा, नशे के दुष्परिणाम, पारिवारिक विघटन, बाल विवाह और समाज में व्याप्त अन्य कुरीतियों पर चर्चा की गई। पुलिसकर्मियों ने महिलाओं और बालिकाओं को किसी भी प्रकार की समस्या होने पर बिना संकोच पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही महिला सुरक्षा हेल्पलाइन नंबर 1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, आपातकालीन सेवा 112 और साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी दी गई। पुलिस टीमों ने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी बताया।एसएसपी आदित्य लांग्हे के निर्देशन में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में मिशन शक्ति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम लगातार संचालित किए जा रहे हैं, ताकि महिलाएं और बालिकाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर सुरक्षित एवं आत्मनिर्भर बन सकें।
Follow Samachar24