यातायात पुलिस का विशेष अभियान, 860 वाहनों के चालान, दो सीज
Gargachary Times
2 November 2026, 20:20
59 views
Firozabad
फिरोजाबाद। जनपद में यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी यातायात के नेतृत्व में सोमवार को यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस की कार्रवाई के दौरान मानक से अधिक सवारियां बैठाकर चलाए जा रहे 22 वाहनों के खिलाफ चालान किया गया। वहीं ऑटो और ई-रिक्शा के कुल 81 चालान किए गए। स्पीड मीटर से वाहनों की गति की जांच कर निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार से वाहन चलाने वाले 154 चालकों के चालान किए गए। इसके अलावा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 603 अन्य वाहनों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान तेज आवाज में साउंड स्पीकर लगाकर चलने वाले 22 वाहनों के चालान किए गए, जबकि दो वाहनों को सीज किया गया। वहीं स्टंट और तेज रफ्तार से बाइक चलाने वाले छह वाहन चालकों के भी चालान किए गए।
यातायात पुलिस ने बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों को हेलमेट के महत्व के बारे में जागरूक किया। हेलमेट बैंक के माध्यम से भी लोगों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही ब्रेथ एनालाइजर से वाहन चालकों की जांच कर उन्हें नशे की हालत में वाहन न चलाने की हिदायत दी गई।
पुलिस टीम ने वाहन चालकों और आमजन को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने तथा यातायात संकेतों का पालन करने के प्रति जागरूक किया। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन कर स्वयं और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।