उत्तर प्रदेश के स्कूलों की प्रार्थना सभाओं में गूंजेगी फिरोजाबाद की आवाज, डॉ. सोनम सेठ ने 13 गीतों को दिया स्वर
Gargachary Times
2 November 2026, 20:21
65 views
Firozabad
फिरोजाबाद। जनपद की कला और संगीत प्रतिभा को प्रदेश स्तर पर बड़ी पहचान मिली है। प्रख्यात गायिका एवं सुर-साधिका डॉ. सोनम सेठ की मधुर आवाज अब उत्तर प्रदेश के विद्यालयों की प्रार्थना सभाओं में गूंजेगी। राज्य शैक्षिक तकनीकी संस्थान (SIET), उत्तर प्रदेश की ओर से तैयार किए गए 13 संगीतमय प्रार्थना गीतों के वीडियो संकलन में डॉ. सोनम सेठ ने अपनी आवाज दी है। इस उपलब्धि से फिरोजाबाद के शिक्षा और कला जगत में खुशी की लहर है।
लखनऊ स्थित एसआईईटी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा ने इस संकलन का औपचारिक विमोचन किया। एसआईईटी के निदेशक डॉ. मुकेश चंद्र अग्रवाल के निर्देशन में तैयार इस संकलन का उद्देश्य विद्यालयों की प्रार्थना सभाओं को अधिक प्रभावशाली, प्रेरणादायी और संस्कारपरक बनाना है।
इन प्रार्थना गीतों के माध्यम से विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच, नैतिक मूल्यों, अनुशासन, सह-अस्तित्व और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया गया है। विमोचन के दौरान बताया गया कि इन गीतों का उपयोग प्रदेश के सभी सरकारी, परिषदीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त और निजी विद्यालयों में किया जा सकेगा। हालांकि, इनके व्यावसायिक उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।प्रत्येक गीत का वीडियो लगभग दो से चार मिनट का है। इन्हें उच्च गुणवत्ता वाली ऑडियो रिकॉर्डिंग, आकर्षक दृश्यांकन, एनीमेशन और विद्यालयी परिवेश पर आधारित प्रस्तुति के साथ तैयार किया गया है। सभी गीत विभिन्न डिजिटल माध्यमों के साथ आधिकारिक यूट्यूब चैनल @NIPUNUP पर भी उपलब्ध कराए गए हैं।
कार्यक्रम में निदेशक बेसिक शिक्षा अनिल भूषण चतुर्वेदी, निदेशक एससीईआरटी गणेश कुमार, संयुक्त निदेशक डॉ. पवन सचान, प्रदीप कुमार सिंह, विभा मिश्र, गुणवत्ता विशेषज्ञ आनंद पाण्डेय और एसआईईटी के प्रशासनिक अधिकारी अजित कुमार सिंह सहित शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।इन 13 गीतों को डॉ. सोनम सेठ ने दी आवाज संकलन में ‘हमको मन की शक्ति देना’, ‘हम होंगे कामयाब’, ‘आओ बच्चों तुम्हें दिखाएं झांकी हिंदुस्तान की’, ‘तू प्यार का सागर है’, ‘ज्योत से ज्योत जगाते चलो’, ‘ऐ मालिक तेरे बंदे हम’, ‘इतनी शक्ति हमें देना दाता’, ‘इंसाफ की डगर पे’, ‘तेरी है जमीन, तेरा आसमान’, ‘तेरी पनाह में हमें रखना’, ‘ओ पालनहारे’, ‘तुम्हीं हो माता-पिता तुम्हीं हो’ और ‘बादल पे पांव है’ जैसे 13 लोकप्रिय गीत शामिल हैं।