दीनदयाल धाम की हुंकार: फरह फाटक पर फ्लाईओवर बनाओ, CM को भेजा मांग-पत्र
Gargachary Times
3 November 2026, 20:10
40 views
Mathura
फरह। दीनदयाल धाम के पूर्व निदेशक इंजी. राजवीर सिंह और अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज संतोष पाठक धाम ने फरह रेलवे फाटक पर लगने वाले भीषण जाम से मुक्ति के लिए मोर्चा खोल दिया है। दोनों ने संयुक्त रूप से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम जिलाधिकारी मथुरा के माध्यम से मांग-पत्र भेजकर फरह फाटक पर फ्लाईओवर निर्माण की जोरदार मांग की है।
मांग-पत्र में कहा गया है कि फरह रेलवे फाटक मथुरा-भरतपुर और फरह-गोवर्धन मार्ग का मुख्य संपर्क मार्ग है। दिन में कई बार फाटक बंद होने से दोनों तरफ किलोमीटर लंबा जाम लग जाता है। इस जाम में स्कूल बसें, एंबुलेंस, ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा करने वाले हजारों श्रद्धालु और आम नागरिक घंटों फंसे रहते हैं। कई बार जाम के कारण मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में भी दिक्कत होती है।
इंजी. राजवीर सिंह ने बताया कि फरह ब्लॉक में 136 गांव आते हैं और करीब ढाई लाख की आबादी इसी फाटक से होकर गुजरती है। पं. दीनदयाल उपाध्याय की जन्मस्थली होने के कारण यहां वीआईपी मूवमेंट भी लगातार बना रहता है, जिससे समस्या और बढ़ जाती है।
पत्र में अन्य मांगों में फरह को नई तहसील घोषित करने, यमुना खदर घाट पर पक्का पुल बनाने, गांवों के पुराने कुएं, बगीची और अखाड़ों का जीर्णोद्धार करने, मुख्य मार्गों से शराब के ठेके हटाने और फरह में कृषि उपज मंडी स्थापित करने की मांग भी शामिल है।
संतोष पाठक ने कहा कि फ्लाईओवर बनने से फरह का विकास तेज होगा और यह पं. दीनदयाल जी के अंत्योदय के सपने को साकार करने की दिशा में बड़ा कदम होगा।