राधिका धाम के पार्क का नाम होगा महाराजा अग्रसेन पार्क, पागल बाबा तिराहे से बिरला मंदिर तक मार्ग बनेगा राधा भक्ति मार्ग
Gargachary Times
3 November 2026, 20:22
62 views
Mathura
नगर निगम मथुरा-वृंदावन के सदन कक्ष में मंगलवार को जनहित और शहर के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर पार्षदों की बैठक आयोजित की गई। भूतेश्वर स्थित नगर निगम कार्यालय में सुबह 11 बजे हुई बैठक की अध्यक्षता उपसभापति एवं वार्ड संख्या-51 के पार्षद मुकेश सारस्वत ने की। बैठक में नगर आयुक्त ओजस्वी राज सहित उपस्थित पार्षदों ने शहर की समस्याओं और विकास कार्यों पर चर्चा करते हुए विभिन्न प्रस्तावों पर सहमति जताई।
महापौर की अनुपस्थिति में बैठक की अध्यक्षता के लिए पार्षद हनुमान गुर्जर सहित अन्य पार्षदों ने उपसभापति मुकेश सारस्वत का नाम प्रस्तावित किया, जिस पर सभी पार्षदों ने सहमति दी। इसके बाद राष्ट्रगीत के साथ बैठक की शुरुआत हुई। बैठक में सबसे पहले प्रश्नकाल के दौरान पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याएं, जनसुविधाओं और विकास कार्यों से संबंधित मुद्दे उठाए। उपसभापति और नगर आयुक्त ने पार्षदों की समस्याओं को सुनकर विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया।
बैठक में वार्ड संख्या-31 स्थित राधिका धाम कॉलोनी के पार्क का नाम महाराजा अग्रसेन के नाम पर रखने का प्रस्ताव रखा गया। वहीं वार्ड संख्या-08 में खसरा संख्या-322 की भूमि पर ग्रामीणों की सुविधा के लिए सामुदायिक विकास केंद्र अथवा बारातघर का निर्माण कराने पर सहमति बनी। इसके अलावा पागल बाबा मंदिर तिराहे से बिरला मंदिर तक के मार्ग का नाम श्री राधा भक्ति मार्ग रखने का प्रस्ताव भी पारित सहमति के साथ आगे बढ़ाया गया।
शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 500 सफाईकर्मियों की आउटसोर्सिंग के आधार पर आपूर्ति लेने के प्रस्ताव पर भी पार्षदों ने सहमति जताई। बैठक में अन्य जनहित से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। पार्षदों ने शहर के समग्र विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया।