प्रीति मौत मामले में पुलिस का खुलासा, प्रेमी अमन गिरफ्तार; ब्लॉक करने से क्षुब्ध होकर उठाया आत्मघाती कदम
Gargachary Times
3 November 2026, 20:22
15 views
Firozabad
फिरोजाबाद। मटसेना थाना क्षेत्र के रसीदपुर कनैटा रेलवे फाटक के पास रेलवे ट्रैक पर नर्सिंग छात्रा की ट्रेन से कटकर हुई मौत के मामले में पुलिस ने विवेचना के बाद बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, छात्रा का सिरसागंज निवासी अमन नामक युवक से प्रेम प्रसंग था। घटना से पहले युवक द्वारा उसे व्हाट्सएप पर ब्लॉक कर दिया गया था, जिससे क्षुब्ध होकर छात्रा हॉस्टल से निकलकर रेलवे ट्रैक पर पहुंची और आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मामले में प्रकाश में आए आरोपी अमन को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, 28 अक्टूबर 2026 को थाना मटसेना पुलिस को सूचना मिली थी कि रसीदपुर कनैटा रेलवे फाटक के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवती की ट्रेन से कटकर मौत हो गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान थाना औंछा, जनपद मैनपुरी निवासी नर्सिंग कॉलेज की छात्रा के रूप में की थी। छात्रा फिरोजाबाद स्थित नर्सिंग कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल में अपनी दो अन्य सहेलियों के साथ रहती थी।
घटना की सूचना परिजनों को दी गई। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में विवेचना शुरू की। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई।
विवेचना के दौरान क्षेत्राधिकारी सदर ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही हॉस्टल में छात्रा के साथ रहने वाली सहेलियों से पूछताछ की गई। पुलिस ने छात्रा की व्हाट्सएप चैट और अन्य तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए। इन साक्ष्यों के आधार पर सिरसागंज निवासी अमन से छात्रा के प्रेम संबंध होने की जानकारी सामने आई।
पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर की रात करीब 8:30 बजे अमन ने छात्रा को ब्लॉक कर दिया था। इससे क्षुब्ध होकर छात्रा हॉस्टल से बाहर निकली और दीवार फांदकर रेलवे ट्रैक पर पहुंच गई, जहां ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने विवेचना में प्रकाश में आए आरोपी अमन को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं पर जांच जारी है और अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।