Loading...

यातायात पुलिस का विशेष अभियान, 771 वाहनों के चालान; दो वाहन सीज

Gargachary Times 3 November 2026, 20:23 3 views
Firozabad
यातायात पुलिस का विशेष अभियान, 771 वाहनों के चालान; दो वाहन सीज
फिरोजाबाद। जनपद में यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए यातायात पुलिस ने मंगलवार को विशेष अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी यातायात के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। अभियान में कुल 771 वाहनों के चालान किए गए, जबकि दो वाहनों को सीज किया गया। यातायात पुलिस के अनुसार, मानक से अधिक सवारियां बैठाकर चलाए जा रहे ऑटो और ई-रिक्शा के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 36 चालान किए गए। वहीं ऑटो और ई-रिक्शा के कुल 73 चालान किए गए। इसके अलावा स्पीड मीटर के माध्यम से वाहनों की गति की जांच की गई, जिसमें निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार से वाहन चलाने वाले 157 चालकों के चालान किए गए।अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 505 अन्य वाहनों के विरुद्ध भी चालान की कार्रवाई की गई। तेज आवाज में साउंड स्पीकर लगाकर चलने वाले 32 वाहनों के चालान किए गए तथा दो वाहनों को सीज किया गया। वहीं स्टंट और तेज रफ्तार से बाइक चलाने वाले चार चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में 28 ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई भी की गई। पुलिस टीम ने बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों को हेलमेट के महत्व के बारे में जागरूक किया। इसके लिए हेलमेट बैंक के माध्यम से भी लोगों को प्रेरित किया गया। साथ ही ब्रेथ एनालाइजर से वाहन चालकों की जांच कर उन्हें नशे की हालत में वाहन न चलाने की हिदायत दी गई। अभियान के दौरान वाहन चालकों और आमजन को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने और यातायात संकेतों का पालन करने के प्रति जागरूक किया गया।
Follow Samachar24