फिरोजाबाद के 2.41 लाख से अधिक लाभार्थियों को मिलेगा लाभ, पालीवाल हॉल में आयोजित कार्यक्रम में 13 महिलाओं को वितरित किए गए चेक
Gargachary Times
3 November 2026, 20:25
47 views
Firozabad
फिरोजाबाद। दीपावली के पावन पर्व पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को प्रदेश सरकार ने मुफ्त गैस सिलेंडर रिफिल का उपहार दिया है। मंगलवार को पालीवाल हॉल में निःशुल्क एलपीजी गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लखनऊ के लोकभवन सभागार से आयोजित प्रदेशव्यापी कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों के बैंक खातों में सब्सिडी की धनराशि हस्तांतरित की गई।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सदर विधायक मनीष असीजा तथा विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, एसडीएम सदर सुदर्शन कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी स्वीटी सिंह और योगेंद्र कुमार बाबा उपस्थित रहे।इस अवसर पर सदर विधायक मनीष असीजा ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं और बहनों के उत्थान एवं सशक्तिकरण के लिए लगातार कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में सब्सिडी की धनराशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पारदर्शी तरीके से भेजी जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के शेष पात्र लाभार्थियों का जल्द सत्यापन कराकर उन्हें भी योजना से लाभान्वित किया जाए।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि फिरोजाबाद जनपद में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के कुल 2,41,993 लाभार्थी हैं। इन लाभार्थियों को निःशुल्क गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से 15 करोड़ 67 लाख 77 हजार 585 रुपये की सब्सिडी आवंटित की गई है।
डीएम ने खाद्य एवं रसद विभाग की व्यवस्थाओं में हुए सुधारों का जिक्र करते हुए कहा कि अब राशन वितरण बायोमेट्रिक और पीओएस मशीनों के माध्यम से किया जा रहा है, जिससे व्यवस्था में पारदर्शिता आई है। उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य, शिक्षा, संविदा एवं आउटसोर्स कर्मचारियों और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं सहित विभिन्न वर्गों के कल्याण के लिए योजनाएं संचालित कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान मंच से 13 लाभार्थी महिलाओं सलोनी, नीरज देवी, तबस्सुम, शाहिदा, सुषमा, मीना, सायरा बानो, द्रौपदी, हुसना बेगम, शारदा, रश्मि देवी, इंद्रवती और सुमन देवी को चेक वितरित किए गए। इस दौरान बड़ी संख्या में लाभार्थी महिलाएं मौजूद रहीं।