भाजपा झूठा प्रचार के लिए करोड़ों रुपए खर्च कर रही है: अखिलेश यादव
Gargachary Times
6 November 2026, 19:33
44 views
Lucknow
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा द्वारा समाजवादी पार्टी को बदनाम करने की साजिश की जा रही है। भाजपा झूठा प्रचार के लिए करोड़ों रूपये खर्च कर रही है। भाजपा के साथ कई और दल है जो समाजवादी पार्टी के खिलाफ षडयंत्र करने में लगे है। कुछ को मैसेज कहीं से आता है तो कुछ का ओटीपी कहीं और है। भाजपा की प्रीपेड पार्टियों से सावधान रहना है। भाजपा ने दस साल में प्रदेश की जनता के लिए कोई काम नहीं किया। सभी को धोखा दिया। जनता भाजपा के कुशासन से त्रस्त है।
शुक्रवार को समाजवादी पार्टी राज्य मुख्यालय लखनऊ पर विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में आए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने उत्तर प्रदेश को बर्बाद कर दिया है। शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून व्यवस्था सब बर्बाद है। भाजपा प्रदेश में अराजकता फैला रही है। उसने सत्ता का दुरुपयोग किया है। विधानसभा चुनाव में जनता समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने जा रही है। भाजपा ने समाज में बहुत तरह की बुराई फैला रखी है। प्रदेश के हर क्षेत्र अंधकारमय है। किसान, नौजवान, व्यापारी, छात्र सबका भविष्य अंधेरे में है। भाजपा को चुनाव में हरा कर बुराई और अंधेरे को खत्म करना है। भाजपा को समाप्त करना है। भाजपा अपने पापों पर पर्दा डालने के लिए समाजवादी पार्टी नेतृत्व और पीडीए पर बेसिर पैर आरोप लगाती है।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को धैर्य से काम लेना है। सभी के साथ अच्छा और शिष्ट व्यवहार करना चाहिए। भाजपा के उकसावे की राजनीति में नहीं आना है। कार्यकर्ता और नेता पार्टी की नीतियों कार्यक्रमों को लेकर जनता के बीच में रहे। जनता के सुख-दुःख में शामिल रहे।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के पास झूठ बोलने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है। जो दूसरों के लिए गड्ढ़ा खोदता है एक दिन वह खुद उसी गड्ढे में गिर जाता है। भाजपा वोट चोरी, चंदा चोरी, चढ़ावा चोरी में बेनकाब हो चुकी है। भाजपा ने लोकतंत्र के विरुद्ध षडयंत्र किया है। भाजपा के इशारे पर चुनाव आयोग नगर निकाय और पंचायतो के वोट का मतदाता सूची से मिलान करा रहा हैं। चुनाव आयोग को अपनी निष्पक्षता साबित करनी है। भाजपा के साथ वोट चोरी में शामिल होकर निर्वाचन आयोग ने भी पाप किया है। उसे अपनी साख पर खरा उतरना चाहिए। भाजपा कोई भी षडयंत्र कर लेकिन उसका हारना तय है।
अखिलेश यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा की बेईमानी नहीं चलेगी। बूथ-बूथ पर पीडीए प्रहरी मुस्तैद रहेंगे। यूपी ही लोकतंत्र और संविधान को बचाएगी। जो लोग उत्तर प्रदेश के रास्ते सत्ता में आये हैं वे यूपी के रास्ते ही सत्ता से बाहर जाएंगे। लोकतंत्र का रास्ता जनता के द्वारा जनता के लिए है। लोकतंत्र कभी खत्म नहीं हो सकता है।
अखिलेश यादव ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव बहुत महत्वपूर्ण चुनाव है। यह चुनाव लोकतंत्र और संविधान बचाने का चुनाव है। विधानसभा चुनाव में जो जीत सकता है, उसी को लड़ने का दावा करना चाहिए। समाजवादी पार्टी का लक्ष्य सरकार बनाकर प्रदेश की बिगड़ी व्यवस्था को सुधारने का है। उत्तर प्रदेश को फिर विकास और रोजगार के रास्ते पर ले जाना है। इस अवसर पर अखिलेश यादव ने सभी को दीपावली की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि सभी को अच्छाई सीखना चाहिए। एक-दूसरे का सम्मान करना चाहिए। किसी का अपमान नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अंधेरे का अंधेरा और बुराई को बुराई नहीं खत्म कर सकती है। अंधेरे और बुराई को खत्म करने के लिए परिवर्तन जरूरी है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार ने पश्चिम बंगाल में एसआईआर के बाद केन्द्रीय फोर्स लगाकर विधानसभा चुनाव में धांधली की। भाजपा घुसपैठियों का झूठा मुद्दा बनाती है।
अखिलेश यादव ने कहा कि यूपी में मुख्यमंत्री जी ने कहा कि एसआईआर में 1.27 करोड़ हिन्दुओं के वोट कट गये है। इस हिसाब से हर विधानसभा क्षेत्र में 31 हजार वोट कट गये है। वोट कटने का डाटा मुख्यमंत्री जी को कहां से मिला? इस डाटा से साबित होता है कि चुनाव आयोग मुख्यमंत्री आफिस को डाटा शेयर करता है।
अखिलेश यादव ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से अपील की है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रत्येक विधान सभा क्षेत्र में 27 हजार वोट बढ़ाएं। कार्यकर्ता और नेता सतर्क रहें। चुनाव में भाजपा दूसरे राज्यों से लोगों को बुलाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा पीडीए से घबराई हुई है। भाजपा के हराने के लिए जनता और पीडीए ने कमर कस ली है। सभी लोग सुनिश्चित करें कि मतदाता सूची में सभी का वोट उनका वोट रहें। वोटरलिसट में नाम नहीं रहेगा तो नागरिकता छिन जाएगी। सुविधाएं भी छिन जाएगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदूषण पर नियंत्रण करना है। पर्यावरण बचाना है। पटाखा नहीं चलाना चाहिए। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी सरकार में बुजुर्गों को कैलाश मानसरोवर की यात्रा फिर करायी जाएगी।
इस अवसर पर जीटी रोड खुर्जा, मोहल्ला चौहट्टा आजाद हिन्द पोतरी के हाजी अजीज (शाहिद का पोता) ने अखिलेश यादव को खुर्जा पॉटरी का कप भेंट किया। कप पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जी का चित्र अंकित है। अखिलेश यादव को कैंडल स्टैंड भी भेंट किये गये। मानसरोवर यात्रा करके आए एक समाजसेवी कार्यकर्ता श्री रोहित उमराव ने भेंट की और अपने संस्मरण भी सुनाएं।