यातायात पुलिस ने छात्राओं को सड़क सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
Gargachary Times
6 November 2026, 20:13
55 views
Firozabad
फिरोजाबाद। यातायात माह नवंबर-2026 के तहत शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में यातायात पुलिस टीम द्वारा ज्ञान सरोवर इंटर कॉलेज, फिरोजाबाद में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यालय की छात्राओं को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों और यातायात संकेतों के बारे में विस्तार से जानकारी देकर जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपनिरीक्षक यातायात राजेश कुमार ने छात्राओं को सड़क सुरक्षा के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के लिए प्रत्येक व्यक्ति को यातायात नियमों का पालन करना चाहिए। सड़क पर चलते समय सावधानी बरतने के साथ ही यातायात संकेतों को समझना और उनका पालन करना बेहद जरूरी है।
उन्होंने छात्राओं को स्वयं सुरक्षित रहने के साथ-साथ दूसरों को भी सड़क दुर्घटनाओं से बचाने के लिए जागरूक रहने की अपील की। साथ ही अपने परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।
यातायात पुलिस ने अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग करें, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें और निर्धारित यातायात नियमों का पालन करें। सुरक्षित यातायात, सुरक्षित जीवन के संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।