दुष्कर्म पीड़िता किशोरी ने आगरा में उपचार के दौरान तोड़ा दम, गांव में तनाव के बीच हुआ अंतिम संस्कार
Gargachary Times
6 November 2026, 20:13
46 views
Firozabad
फिरोजाबाद। खैरगढ़ थाना क्षेत्र के दरिगापुर गांव में सामूहिक दुष्कर्म की शिकार किशोरी निशा की शुक्रवार सुबह आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। किशोरी की मौत की खबर मिलते ही गांव में आक्रोश फैल गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। शाम को किशोरी का शव गांव पहुंचने पर परिजनों और ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों ने अपनी मांगें पूरी होने तक अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। बाद में प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा आवास और मुआवजे का आश्वासन दिए जाने के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए।
जानकारी के अनुसार, दरिगापुर गांव निवासी किशोरी 31 अक्टूबर की शाम करीब सात बजे घर से शौच के लिए खेतों की ओर गई थी। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। अगले दिन सुबह करीब सात बजे घर से लगभग 300 मीटर दूर एक सब्जी के खेत में वह गंभीर हालत में पड़ी मिली। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। यहां कई दिनों से उसका उपचार चल रहा था।
आरोप है कि खेत में किशोरी के साथ उसके प्रेमी और उसके दोस्त ने सामूहिक दुष्कर्म किया था। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ दरिंदगी की। घटना के दौरान प्रेमी का भाई भी मौके पर पहुंचा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी आदित्य लांग्हे ने घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी, सर्विलांस, खैरगढ़, शिकोहाबाद और मक्खनपुर पुलिस की पांच टीमें गठित की थीं।
आरोपियों की तलाश के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ऋषि अपने भाई के साथ नगला रमिया से हाईवे की ओर जाने वाला है। इस पर पुलिस ने नगला रघौल के पास चेकिंग शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, बाइक सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया तो वे भागने लगे। इसी दौरान उनकी बाइक गिर गई। पुलिस ने दोनों को घेर लिया। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरा देखकर दोनों भाइयों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी, जिससे वे घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया था। उपचार के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।
इधर, शुक्रवार सुबह आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में किशोरी ने दम तोड़ दिया। शाम को शव गांव पहुंचने पर परिजनों ने आवास और मुआवजे सहित अपनी मांगें रखते हुए अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। काफी देर तक चले घटनाक्रम के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों को मांगों पर आश्वासन दिया। इसके बाद परिजनों ने किशोरी का अंतिम संस्कार किया। घटना के मद्देनजर गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात रहा।