फिरोजाबाद में बढ़े 12 नए मतदान स्थल, अब 2,193 बूथों पर होगा मतदान
Gargachary Times
6 November 2026, 20:14
1 views
Firozabad
फिरोजाबाद। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदेय स्थलों के सम्भाजन प्रस्ताव को निर्वाचन आयोग से अनुमोदन मिलने के बाद शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम और मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जनपद में पोलिंग स्टेशनों की संख्या 2,181 से बढ़ाकर 2,193 कर दी गई है। वहीं, 10 नए पोलिंग केंद्र बढ़ने के बाद अब इनकी कुल संख्या 1,298 हो गई है। इसके साथ ही नए बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की नियुक्ति भी की गई है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों के बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) को सक्रिय कर बीएलओ के साथ समन्वय बनाकर कार्य कराने का अनुरोध किया।जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची में छूटे हुए वास्तविक मतदाताओं, विशेषकर महिलाओं और युवाओं के नाम शामिल करने के लिए ग्राम पंचायत की मतदाता सूची का विधानसभा मतदाता सूची से मिलान कराया जाएगा। इस प्रक्रिया के माध्यम से लगभग 8 से 10 प्रतिशत छूटे हुए पात्र मतदाताओं को सूची में जोड़ने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में जनपद का ईपी रेशियो लगभग 55 प्रतिशत है, जिसे बढ़ाकर 60.91 प्रतिशत तक ले जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके साथ ही जेंडर रेशियो और 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवा मतदाताओं की संख्या बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्तमान में चल रहे मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम पर पूरा ध्यान केंद्रित करें, ताकि पारदर्शी, त्रुटिरहित और समावेशी मतदाता सूची तैयार की जा सके।
बैठक में भाजपा महानगर महामंत्री प्रमोद पाल बघेल, राघवेंद्र सिंह, बसपा के आगरा मंडल जोन प्रभारी अखिलेश कुमार, समाजवादी पार्टी के डॉ. विजय आर्य, बसपा के एबरन सिंह जाटव, कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं एडवोकेट बलवीर सिंह आजाद, आम आदमी पार्टी के अमित गर्ग, सीपीआईएम के जिला मंडल सदस्य भूरी सिंह यादव सहित अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) कल्पना जायसवाल, उप जिलाधिकारी सिद्धार्थ पाठक, राजेश कुमार शुक्ला, सुदर्शन कुमार एवं अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।