रामगढ़ पुलिस ने अवैध तमंचा और दो कारतूस के साथ एक आरोपी को किया गिरफ्तार
Gargachary Times
7 November 2026, 20:26
73 views
Firozabad
फिरोजाबाद। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रामगढ़ पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक आरोपी को अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की है।पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में थाना रामगढ़ पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने जाहिद के कांच गोदाम के पास से निजामुद्दीन उर्फ आशु पुत्र लियाकत अली निवासी कश्मीरी गेट, मोहम्मदी मस्जिद के पास, थाना रामगढ़ को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। इस संबंध में थाना रामगढ़ पर मुकदमा अपराध संख्या 659/2026 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्व में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ वर्ष 2017 से वर्ष 2019 तक रामगढ़ और रसूलपुर थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हुए थे। वर्तमान में दर्ज आर्म्स एक्ट के मुकदमे को मिलाकर उसके खिलाफ कुल सात मुकदमों का उल्लेख पुलिस ने किया है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार दुबे, उपनिरीक्षक आदित्य चौधरी, कांस्टेबल शुभम तेवतिया और रिजर्व आरक्षी शिवम शर्मा शामिल रहे।