Loading...

मतदाता सूची में हर पात्र नागरिक का नाम जोड़ें, महिलाओं और युवतियों पर दें विशेष ध्यान: डीएम

Gargachary Times 7 November 2026, 20:27 51 views
Firozabad
मतदाता सूची में हर पात्र नागरिक का नाम जोड़ें, महिलाओं और युवतियों पर दें विशेष ध्यान: डीएम
फिरोजाबाद। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को पारदर्शी, समावेशी एवं सर्वस्पर्शी बनाने के उद्देश्य से तहसील सभागार फिरोजाबाद में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने की। इस दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में अनिवार्य रूप से दर्ज कराया जाए। विशेष रूप से महिलाओं एवं बालिकाओं के पंजीकरण पर ध्यान दिया जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।बैठक में बताया गया कि ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में छूटे हुए पात्र मतदाताओं की पहचान के लिए बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्वास्थ्य विभाग तथा विकासखंड स्तर के फील्ड कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यकतानुसार विधानसभा मतदाता सूची का मिलान ग्राम पंचायत मतदाता सूची से भी कराया जाएगा, जिससे पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके।जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कक्षा नौ से ऊपर के सभी माध्यमिक विद्यालयों, इंटर कॉलेजों, डिग्री कॉलेजों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) का अनिवार्य रूप से गठन किया जाए। प्रत्येक क्लब में एक नोडल अधिकारी नामित किया जाएगा। विद्यार्थियों एवं युवाओं में चुनावी साक्षरता बढ़ाने के लिए निबंध, वाद-विवाद, क्विज, स्लोगन लेखन एवं रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित कराई जाएं। जनगणना और स्व-गणना के प्रचार-प्रसार पर जोर बैठक में आगामी जनगणना एवं पहली बार शुरू की जा रही स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) प्रक्रिया के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि मकानों की सूची तैयार करने के बाद अब घर-घर जनगणना का कार्य शुरू किया जाएगा। इस बार नागरिकों को स्वयं और अपने परिवार की गणना करने का डिजिटल विकल्प दिया गया है। उन्होंने कहा कि स्व-गणना के माध्यम से नागरिक अपनी सही जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे, जिससे जनगणना के आंकड़ों की शुद्धता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित होगी। जनगणना के आंकड़े सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा विकास कार्यों की जरूरतों और कमियों को चिह्नित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्व-गणना की प्रक्रिया की जानकारी गांव-गांव, शहर के प्रत्येक वार्ड और घर-घर तक पहुंचाई जाए, जिससे अधिक से अधिक नागरिक इस डिजिटल सुविधा का लाभ उठा सकें।जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे स्व-गणना में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपनी सही जानकारी दर्ज कराकर जनपद एवं देश के विकास में योगदान दें। उन्होंने कहा कि जितनी शुद्ध एवं समावेशी मतदाता सूची होगी, लोकतांत्रिक प्रक्रिया में नागरिकों की सहभागिता उतनी ही मजबूत होगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) कल्पना जायसवाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम बदन राम, डीएफओ भागेंद्र सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पाण्डेय, उप जिलाधिकारी अंकित कुमार, अवधेश निगम, सुदर्शन कुमार सहित जनपद के समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Follow Samachar24