रिफाइनरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फर्जी ED अधिकारी सचिन शर्मा गिरफ्तार
Gargachary Times
9 November 2026, 19:36
38 views
Mathura
फराह। थाना रिफाइनरी पुलिस ने आज बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी प्रवर्तन निदेशालय (ED) अधिकारी बनकर लोगों से ठगी करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सचिन शर्मा के रूप में हुई है, जो कस्बा फरह का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से खुद को ED का अधिकारी बताकर लोगों को डराता-धमकाता था और ठगी करता था। इतना ही नहीं, वह अपने फेसबुक पर भी खुद को ED अधिकारी के रूप में प्रचारित कर रहा था।
पुलिस को इस संबंध में शिकायत और सूचनाएं मिली थीं, जिसके बाद मामले की गहन जांच शुरू की गई। जांच में सामने आया कि सचिन शर्मा द्वारा सोशल मीडिया पर ED अधिकारी होने का झूठा प्रचार किया जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने साक्ष्य जुटाए और आज उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारी का एक फर्जी आईडी कार्ड बरामद किया है। इसके अलावा एक फॉक्स गाड़ी, दो आधार कार्ड और कई एटीएम व क्रेडिट कार्ड भी बरामद हुए हैं। पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने इन दस्तावेजों और गाड़ी का इस्तेमाल लोगों पर रौब जमाने और ठगी करने के लिए किया होगा।
थाना रिफाइनरी में आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने फर्जी अधिकारी बनकर कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है और कितनी धनराशि की ठगी की है। इस पूरे मामले की विवेचना वैज्ञानिक तरीके से की जाएगी। पुलिस आरोपी के मोबाइल की सीडीआर, लोकेशन और सोशल मीडिया गतिविधियों की भी जांच कर रही है, ताकि उसके नेटवर्क और अन्य साथियों के बारे में पता चल सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के फर्जी अधिकारी बनकर ठगी करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। लोगों से भी अपील की गई है कि यदि कोई व्यक्ति खुद को ED, CBI, पुलिस या किसी अन्य जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर पैसे की मांग करता है, तो तुरंत नजदीकी थाने या पुलिस को सूचना दें, बिना जांच के किसी को पैसे न दें।
फिलहाल गिरफ्तार आरोपी सचिन शर्मा को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी नए तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।