मिशन शक्ति फेज-06 के तहत महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक, सुरक्षा व अधिकारों की दी जानकारी
Gargachary Times
9 November 2026, 19:37
42 views
Firozabad
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति फेज-06 अभियान के तहत सोमवार को जनपदभर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं ग्रामीण के नेतृत्व में समस्त क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में रैली, संगोष्ठी और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
अभियान के तहत जनपद के विभिन्न ब्लॉक, ग्रामों और विद्यालयों में पुलिस की मिशन शक्ति टीमों ने छात्राओं, शिक्षिकाओं, महिलाओं और संभ्रांत नागरिकों को महिला सशक्तीकरण, सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
कार्यक्रमों में महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों की रोकथाम, सुरक्षा, समानता एवं अधिकारों के बारे में विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही साइबर हिंसा, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, नशे के दुष्परिणाम, पारिवारिक विघटन, बाल विवाह और समाज में प्रचलित अन्य कुरीतियों के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस टीमों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा हेल्पलाइन नंबर 1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, आपातकालीन सेवा 112 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 की जानकारी देते हुए जरूरत पड़ने पर इनका उपयोग करने की अपील की। साथ ही शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी बताया गया। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं और बालिकाओं से किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न होने पर बिना डर के पुलिस से संपर्क करने की अपील की।