नाले में मिला युवक का शव, परिवार में मचा कोहराम, पत्नी और तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
Gargachary Times
9 November 2026, 19:38
50 views
Firozabad
शिकोहाबाद में आज एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। सोमवार सुबह एटा तिराहे के पास नाले में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव देखकर मौके पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान कटरा मीरा निवासी बृजेश पुत्र राजवीर के रूप में हुई है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। बृजेश की शादी करीब 12 वर्ष पहले विनीता से हुई थी। उसके परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटियां निम्मी और अनन्या और एक बेटा हर्षित है। पिता की असमय मौत से तीनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। त्योहार के दिन परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा...
थाना प्रभारी अनुज कुमार राणा ने बताया कि मृतक शराब पीने का आदी था। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि शराब के नशे में नाले में गिरने से उसकी मौत हुई है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।