Loading...

गोवर्धन में उमड़ा आस्था का सैलाब: सैकड़ों महिलाओं ने सिर पर छप्पन भोग की डलिया रख निकाली भव्य शोभायात्रा

Gargachary Times 10 November 2026, 20:17 3 views
Mathura
गोवर्धन में उमड़ा आस्था का सैलाब: सैकड़ों महिलाओं ने सिर पर छप्पन भोग की डलिया रख निकाली भव्य शोभायात्रा
गोवर्धन (मथुरा)।पावन पर्व गोवर्धन पूजा के शुभ अवसर पर आज गोवर्धन कस्बे के प्रमुख गोवर्धन मुकुट मुखारविंद मंदिर में आस्था और श्रद्धा का अभूतपूर्व संगम देखने को मिला। मंदिर के रिसीवर अमित गोस्वामी और सेवायत जैकी शर्मा की उपस्थिति में गिरिराज महाराज की विशेष पूजा-अर्चना और दिव्य महाअभिषेक का आयोजन विधि-विधान से संपन्न हुआ। मंत्रोच्चारण के बीच हुआ पंचामृत अभिषेक उत्सव की शुरुआत सुबह मंदिर परिसर में 11 वेदपाठी पंडितों द्वारा किए गए सस्वर वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुई। गिरिराज महाराज का शुद्ध घी, दूध, दही, शहद और शक्कर (पंचामृत) से दिव्य अभिषेक किया गया। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर गिरिराज धरण के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। अभिषेक के उपरांत कस्बे में एक ऐतिहासिक और भव्य शोभायात्रा निकाली गई। मंदिर रिसीवर अमित गोस्वामी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष दसवीसा ब्राह्मण समाज के सेवायत परिवारों की लगभग 1100 महिलाओं ने इस भव्य शोभायात्रा में भाग लिया। सभी महिलाएं अपने सिर पर छप्पन भोग की सुंदर सजी हुई डलिया (टोकरियां) रखकर चल रही थीं। पारंपरिक पोशाक में सजीं महिलाएं बैंड-बाजे की भक्तिमय धुनों पर झूमती-नाचती और गिरिराज महाराज के जयकारे लगाती हुई आगे बढ़ रही थीं। इस विहंगम दृश्य को देखने के लिए गोवर्धन कस्बे की सड़कों पर श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा। शाम को छका अन्नकूट का महाप्रसाद शोभायात्रा के संपन्न होने के बाद देर शाम गिरिराज महाराज को छप्पन भोग अर्पित कर विशेष आरती उतारी गई। इसके बाद विशाल अन्नकूट प्रसादी (भंडारे) का आयोजन किया गया। मंदिर प्रबंधन द्वारा देश-विदेश से आए हजारों भक्त-श्रद्धालुओं के लिए बड़े स्तर पर भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई थी, जहाँ देर रात तक श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर महाप्रसाद ग्रहण किया।
Follow Samachar24