38 वर्षों से चली आ रही श्री राधारानी ब्रज यात्रा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, वृंदावन में संतों ने किया ब्रज शरण महाराज का अभिनंदन
Gargachary Times
10 November 2026, 20:24
29 views
Dharam
वृंदावन। ब्रज की धार्मिक और आध्यात्मिक परंपराओं को जीवंत रखने वाली श्री राधारानी ब्रज यात्रा इस वर्ष विशेष भावुकता और श्रद्धा के साथ आयोजित की जा रही है। वर्ष 1988 से निरंतर चली आ रही इस यात्रा का ब्रह्मलीन पूज्य रमेश बाबा के गोलोक गमन के बाद पहली बार उनके उत्तराधिकारी ब्रज शरण महाराज के सानिध्य में आयोजन हो रहा है। यात्रा में हर वर्ष की भांति इस बार भी हजारों श्रद्धालु उत्साहपूर्वक शामिल होकर ब्रज के पावन तीर्थ स्थलों के दर्शन कर रहे हैं।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए यात्रा के प्रबंधक बाबा ब्रज दास सुनील भैया ने बताया कि ब्रज चौरासी कोस की यह यात्रा निर्धारित मार्ग और पड़ावों के अनुसार आगे बढ़ती है। श्रद्धालु दिनभर विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन करते हैं और निर्धारित स्थानों पर रात्रि विश्राम के बाद अगले दिन यात्रा पुनः प्रारंभ करते हैं। मंगलवार को वृंदावन की परिक्रमा के बाद यमुना किनारे श्री देवरा बाबा घाट के समीप कुंभ मेला क्षेत्र में यात्रा का पड़ाव रहा, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने विश्राम किया।
इस अवसर पर वृंदावन के प्रमुख संत-महात्माओं ने ब्रज शरण महाराज का पटका एवं शॉल ओढ़ाकर अभिनंदन किया। इनमें महामंडलेश्वर राधा प्रसाद देवजू महाराज, मोहिनी बिहारी शरण महाराज, डॉ सत्यानंद सरस्वती अधकारी गुरु, डॉ हरिओम शास्त्री एवं अनमोल गुरुजी शामिल रहे।
महामंडलेश्वर राधा प्रसाद देवजू महाराज ने कहा कि रमेश बाबा ने अपना पूरा जीवन ब्रजभूमि, गौसेवा और राधारानी की सेवा में समर्पित कर दिया था। उनके द्वारा स्थापित सेवा की परंपराएं आज भी श्रद्धालुओं को प्रेरणा दे रही हैं। वहीं मोहिनी बिहारी शरण महाराज ने कहा कि 1988 से निरंतर चल रही यह यात्रा रमेश बाबा की भक्ति और ब्रज के प्रति उनके समर्पण का प्रतीक है। ब्रज शरण महाराज द्वारा इस परंपरा को आगे बढ़ाना सराहनीय कार्य है।
डॉ हरिओम शास्त्री एवं अधिकारी गुरु ने कहा कि ब्रज चौरासी कोस की यात्रा केवल तीर्थाटन नहीं, बल्कि भगवान श्रीकृष्ण की लीलास्थलियों से जुड़ने और आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त करने का माध्यम है। रमेश बाबा की सेवा भावना को आगे बढ़ाना हम सभी का दायित्व है।